प्रिंट आउट से वंचित अभ्यर्थी भी दे सकेंगे यूपी टीईटी
बुलंदशहर। उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपी टीईटी) के ऑलाइन आवेदन भरते समय जो अभ्यर्थी सर्वर डाउन होने से प्रिंट आउट से वंचित रह गए थे। उनके लिए अच्छी खबर है। परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने आदेश जारी कर दिए हैं कि वह परीक्षा से वंचित नहीं रहेंगे। यदि अभ्यर्थी ने ऑनलाइन फीस जमा की है तो उन्हें परीक्षा में बैठने का मौका मिलेगा। इस आदेश से ऐसे अभ्यर्थियों ने राहत की सांस ली है।
उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा की पिछले काफी समय से तैयारी चल रही हैं। इसके साथ ही अभ्यर्थियों से परीक्षा देने के लिए ऑनलाइन आवेदन भरवाए गए थे। उस दौरान सर्वर डाउन होने से अभ्यर्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा था। आवेदन भरने के अंतिम दिन तक भी सर्वर डाउन रहा। इसके चलते अभ्यर्थियों ने किसी तरह आवेदन तो भर दिया था। लेकिन उनके आवेदन संबंधी प्रिंट आउट नहीं निकाल पाए थे। ऐसे अभ्यर्थियों को चिंता बनी हुई थी कि वह परीक्षा से वंचित रह जाएंगे। लेकिन अब परीक्षा नियामक प्राधिकारी ने आदेश जारी किया है कि जो अभ्यर्थी ऑनलाइन फीस जमा करा चुके हैं और उनके आवेदन के प्रिंट नहीं निकले। उन्हें परीक्षा में बैठने का मौका दिया जाएगा। परीक्षा नियामक प्राधिकारी के सचिव ने आदेश दिया है कि आवेदन परीक्षा नियामक की वेबसाइट पर जाकर अपने आवेदन का स्टेटस चेक कर सकते हैं। जिन अभ्यर्थियों की फीस जमा होगी। उन्हें परीक्षा में शामिल किया जाएगा। पंजीकरण होने और फीस जमा होने का प्रमाण होने पर ही ऐसे अभ्यर्थियों के प्रवेश पत्र जारी किए जाएंगे। जिला विद्यालय निरीक्षक आरके तिवारी ने बताया कि इस आदेश से उन अभ्यर्थियों को लाभ मिलेगा। जिन्होंने आवेदन के साथ फीस जमा की थी, लेकिन किसी कारण आवेदन का प्रिंट आउट नहीं निकाल पाए थे।