बुखार से आठ वर्षीय मासूम की मौत
बुलंदशहर। जिले में बुखार का कहर अभी भी जारी है। शुक्रवार रात्रि सदर तहसील क्षेत्र के गांव आसिफाबाद चंद्रपुरा निवासी मासूम की बुखार के चलते मौत हो गई। वहीं, ग्रामीणों ने गांव में स्वास्थ्य कैंप का आयोजन न होने और एंटी लार्वा का छिड़काव व फॉगिंग न किए जाने पर रोष जताया।
जिले में अगस्त माह से बुखार लोगों पर अभी भी कहर बनकर टूट रहा है। वहीं, स्वास्थ्य विभाग द्वारा लगातार दावा किया जा रहा है कि बुखार काबू में है और जिले के सभी गांव में स्वास्थ्य कैंपों का आयोजन किया जा रहा है। जानकारी के अनुसार सदर तहसील क्षेत्र के गांव आसिफाबाद चंद्रपुरा निवासी नफीस की आठ वर्षीय पुत्री महकशा गत एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित थी। बताया कि सरकारी अस्पताल में चिकित्सक के न मिलने पर नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालत खराब होने पर चिकित्सकों ने हायर सेंटर रेफर कर दिया। बताया कि दिल्ली के चाचा नेहरु अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां महकशा को ऑक्सीजन की जरूरत पड़ी तो चिकित्सकों ने ऑक्सीजन न होने पर अरबन अस्पताल के लिए रेफर कर दिया। शुक्रवार शाम अरबन अस्पताल में उपचार के दौरान महकशा ने दम तोड़ दिया। जिससे परिवार में कोहराम मच गया। वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि गांव में गंदगी के चलते मच्छरों का प्रकोप है। गांव में साफ-सफाई के लिए ग्राम प्रधान से कई बार अवगत कराया गया, साथ ही एंटी लार्वा का छिड़काव व फागिंग के लिए भी अवगत कराया गया। अभी तक कोई भी कार्य नहीं किए गए, वहीं, स्वास्थ्य विभाग द्वारा गांव में अभी तक स्वास्थ्य कैंप का आयोजन नहीं किया गया है। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि मासूम की बुखार से मौत की जानकारी नहीं है। गांव में स्वास्थ्य कैंप लगाने के लिए टीम को निर्देश दे दिए हैं। साथ ही गांव में एंटी लार्वा का भी छिड़काव कराया जाएगा।