डॉ. समीना ने चिकित्सक के खिलाफ दी तहरीर
बुलंदशहर। तीन तलाक, हलाला और बहुविवाह के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल करने वाली और कथित तेजाब पीड़िता डॉ. समीना ने चिकित्सक पर इलाज के दौरान अभद्रता का आरोप लगाया है। डॉ. समीना ने आरोपी चिकित्सक के खिलाफ कोतवाली में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। साथ ही 17 से होने वाली रैली को भी स्थगित किया है।
बता दें कि दो दिन पूर्व डॉ. समीना पर कथित रूप से तेजाब से हमला हुआ था। मामले में पुुलिस ने खुलासा करते हुए घटना को फर्जी करार दिया था और दो लोगों को साजिश रचने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया और बाद में जमानत पर छोड़ दिया। मंगलवार को पीड़िता ने कोर्ट में अपने बयान दर्ज कराए। इसके बाद पीड़िता ने सरकारी अस्पताल के डॉक्टर पर अभद्रता का आरोप लगाते हुए नगर कोतवाली में तहरीर दी है। तहरीर में उन्होंने बताया कि तेजाबी हमले में घायल होने के बाद वह इलाज के लिए जिला अस्पताल पहुंची थी। आरोप है कि इस दौरान एक पुरुष चिकित्सक ने इलाज के नाम पर उससे अभद्रता की। जिसके चलते वह इलाज को बीच में ही छोड़कर अस्पताल से भाग गई। साथ ही एसपी सिटी को पत्र भेजते हुए 17 अक्तूबर से होने वाली रैली को स्थगित करने की बात कही है। डॉ. समीना का कहना है कि लगातार हो रहे हमले के चलते उसकी जान को खतरा है। जिसके चलते वह रैली को स्थगित कर रही है। नगर कोतवाल धनंजय मिश्र ने बताया कि तहरीर मिली है। मामले की सूचना जिलाधिकारी के पास भेज दी गई है। जांच के बाद आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं, दूसरी ओर एक पुलिस अधिकारी ने नाम नहीं छापने की शर्त पर यह भी बताया कि डॉ. समीना उनके पक्ष में काम नहीं करने वालों को झूठे मामले में फंसाने की धमकी भी दे रही हैं।