अब मीटर लगाने के साथ सौभाग्य योजना के पर्चे बांटेंगे कर्मचारी
बुलंदशहर। पावर कारपोरेशन की सौभाग्य योजना के प्रभावी रूप से संचालन के लिए अब शासन ने ठोस कदम उठाया है। जारी आदेशों के अनुसार अब गांवों में मीटर लगाने वाले कर्मचारी लोगों को सौभाग्य योजना के पर्चे बांटकर फायदे के बारे में अवगत कराएंगे। साथ ही विभिन्न स्कूलों में कार्यक्रम का आयोजन कर लोगों को कनेक्शन लेने के लिए जागरुक किया जाएगा।
बिना बिजली कनेक्शन वाले घरों में बिजली कनेक्शन दिए जाने के लिए पावर कारपोरेशन द्वारा सौभाग्य योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना के तहत गरीबों को मुफ्त कनेक्शन और अन्य लोगों को मात्र 500 रुपये में कनेक्शन जारी किया जा रहा है। योजना शुरू होने से पहले जिले में 1.7 लाख घरों में कनेक्शन नहीं थे, जबकि योजना के तहत अभी तक करीब एक लाख कनेक्शन जारी किए जा सके हैं। कनेक्शन जारी करने में लक्ष्य से काफी पीछे होने के चलते अब शासन ने योजना को सख्ती से अमलीजामा पहनाना शुरू किया है। अब शासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार गांवों में मीटर लगाने वाले कर्मचारियों को सौभाग्य योजना के पर्चे दिए जाएंगे, जिन्हें वह लोगों को बांटकर योजना के लाभ केे बारे में बताएंगे। साथ ही जिला व तहसील स्तर पर स्कूली बच्चों के बीच विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन करते हुए लोगों को जागरूक किया जाएगा। इसके अलावा एक एलईडी वैन का भ्रमण कराते हुए लोगों को जागरुक किया जाएगा। मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने डीएम को आदेश जारी करते हुए योजना को प्रभावी बनाने के निर्देश दिए हैं।
गांवों में लगाए जाएंगे होर्डिंग्स
- सौभाग्य योजना के तहत लोगों को जागरूक करने के लिए गांवों में होर्डिंग्स लगाने के आदेश दिए हैं। शासन द्वारा जारी आदेशों के अनुसार पूरे प्रदेश में 67 हजार होर्डिंग्स लगाए जाएंगे, जिसमें सौभाग्य योजना के फायदे के बारे में बताया जाएगा।