ई-पॉश मशीन न चलाने वाले उर्वरक विक्रेताओं की सूची तैयार
बुलंदशहर। ई-पॉश न चलाने वाले उर्वरक विक्रेताओं की विभागीय अफसरों ने सूची तैयार कर ली है, उन्हें एक सप्ताह का और समय देते हुए चेतावनी दी है कि इसके बाद नोटिस जारी कर कार्रवाई की जाएगी।
शासन के आदेश पर उर्वरक विक्रेता को अपनी दुकान पर ई-पॉश मशीन का प्रयोग करना जरूरी है। इसके माध्यम से ही किसानों को उर्वरक आदि का वितरण किया जाना है। जिले में अधिकतर उर्वरक विक्रेताओं ने मशीन तो खरीद ली, लेकिन उसका प्रयोग नहीं कर रहे हैं। साथ ही कुछ ऐसे दुकानदार हैं, जिन्होंने अभी तक मशीन ही नहीं खरीदी है। विभागीय अधिकारियों की ओर से कई बार उन्हें चेतावनी दी गई, लेकिन इसका असर दिखाई नहीं दिया। इसे देखते हुए विभागीय अफसरों ने ई-पॉश मशीन का प्रयोग न करने वाले उर्वरक विक्रेताओं की सूची तैयार कर ली है। जिला कृषि अधिकारी अश्विनी कुमार का कहना है कि मशीन का प्रयोग न करने वाले उर्वरक विक्रेताओं की सूची तैयार हो गई है। साथ ही उन्हें एक सप्ताह का मौका दिया है। अगर इसके बाद भी उन्होंने ई-पॉश मशीन का प्रयोग नहीं करते हैं तो नोटिस जारी कर आगे की विभागीय कार्रवाई जाएगी।