अवैध उगाही के मामले में लेखाधिकारी करेंगे जांच
बुलंदशहर। जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय में बृहस्पतिवार को सेवानिवृत्त शिक्षकों से अवैध उगाही के मामले में डीएम ने कड़ा संज्ञान लिया है। साथ ही बीएसए को संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। वहीं, दूसरी ओर वित्त एवं लेखाधिकारी को भी जांच के आदेश देकर स्पष्टीकरण मांगा गया है। इस कड़े रुख से कार्यालय में हड़कंप मचा हुआ है।
शासन से वर्ष 2016 से पहले सेवानिवृत्त हुए शिक्षकों को सातवें वेतन आयोग का लाभ दिया है। इसके लिए सेवानिवृत्त शिक्षकों से जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय में जरूरी कागजात जमा करवाए जा रहे हैं। मगर, बृहस्पतिवार को कुछ बुजुर्ग शिक्षकों ने इसकी आड़ में कर्मचारियों पर 1200-1200 रुपये की अवैध उगाही का आरोप लगाया था। यह मामला बीएसए के अलावा वित्त एवं लेखाधिकारी के भी संज्ञान में पहुंच गया। साथ ही डीएम अनुज कुमार झा के संज्ञान में मामला आने पर उन्होंने बीएसए से पूरी जानकारी ली और कार्रवाई के निर्देश दिए। बीएसए को यह भी चेतावनी दी है कि अवैध उगाही के मामले में निष्पक्षता से जांच की जाए और संबंधित कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
बीएसए ने डीएम के आदेश पर वित्त एवं लेखाधिकारी को जांच के आदेश पत्र के माध्यम से देते हुए स्पष्टीकरण मांग लिया है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अम्बरीष कुमार ने बताया कि सेवानिवृत्त शिक्षकों से अवैध उगाही के आरोप के मामले में डीएम ने कड़ा संज्ञान लेते हुए कार्रवाई के निर्देश दिए हैं।