धनराशि लेकर शौचालय न बनवाने वालों को नोटिस जारी
बुलंदशहर। सरकार से धनराशि लेने के बाद भी अभी तक शौचालय न बनवाने वालों पर कार्रवाई शुरू हो गई है। ऐसे लोगों को नोटिस जारी किए जा रहे हैं। यदि नोटिस न मिलने के बाद भी शौचालय न बनवाया तो फिर एफआइआर होगी।
जिले को दो अक्टूबर से पहले खुले में शौच मुक्त करने के लिए शौचालय निर्माण का काम अंतिम चरण में है। अफसर अब मात्र करीब तीन हजार और शौचालय शेष होने की बात कर रहे हैं। पिछले काफी दिनों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि अधिकतर लोग ऐसे हैं, जिन्होंने सरकार से राशि लेने के बाद अभी तक शौचालयों का निर्माण नहीं करवाया। ऐसे लोगों पर कार्रवाई करने के लिए अफसर पिछले दिनों से सुस्ती बरते हुए थे। लेकिन अब जाकर डीएम और सीडीओ के आदेश पर डीपीआरओ ने ग्राम प्रधान और सचिवों को राशि लेकर शौचालय न बनवाने वालों पर कार्रवाई के निर्देश दिए। इस पर ग्राम प्रधान और सचिवों की ओर से नोटिस जारी होने शुरू हो गए हैं। साथ ही डीपीआरओ ने ब्लॉक स्तर के अधिकारियों से ऐसे लोगों की सूची भी मांग ली है। जिला पंचायत राज अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि राशि लेकर शौचालय न बनवाने वालों को पहले नोटिस जारी किए जा रहे हैं। इसके बाद भी यदि शौचालय न बनवाया तो उनके खिलाफ एफआइआर होगी। साथ ही उनसे ली गई राशि को वसूल कर शौचालय का निर्माण करवाया जाएगा।