इंटर कालेज में टूटकर गिरा बिजली का तार, मची भगदड़
डिबाई। नगर के मथुरिया इंटर कालेज परिसर के बीच से गुजर रही हाईटेंशन लाइन का तार सोमवार को सोमवार को टूटकर कालेज परिसर में गिर गया। अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटने से कालेज परिसर में भगदड़ मच गई। तार टूटने से बिजली के कई उपकरण जलकर राख हो गए। बताया जा रहा है कि लाइन शिफ्ट करने के लिए ऊर्जा मंत्री ने भी आदेश दिए हैं, लेकिन इसके बाद भी तारों की शिफ्टिंग नहीं की गई है।
नगर के मथुरिया इंटर कालेज में अचानक हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर गिर गया। गनीमत रही कि जिस समय तार टूटा उस समय बच्चे कक्षाओं में पढ़ाई कर रहे थे। घटना के बाद बच्चों में भगदड़ मच गई। भाजपा सरकार में तीन बार विधायक रहे राम सिंह कालेज के प्रबंधक हैं उन्होंने हाईटेंशन लाइन को शिफ्ट करने के लिए ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा से मांग की थी। जिस पर ऊर्जा मंत्री ने चार माह पूर्व शिफ्टिंग के आदेश दिए थे, लेकिन मंत्री के आदेश भी बिजली अफसर अपनी जेब में रखे हुए हैं। फिलहाल सोमवार को हुए हादसे में एक कुत्ते की मौत और कई बिजली उपकरणों के जलकर राख होने के बाद अब दोबारा कालेज प्रबंधक राम सिंह ने एसडीएम को पत्र लिखकर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।