संदिग्ध अवस्था में फंदे पर लटका मिला ग्रामीण का शव
ऊंचागांव। जहांगीराबाद कोतवाली की अमरगढ़ चौकी क्षेत्र निवासी एक ग्रामीण का शव बुधवार सुबह उसके घर पर कुंदे पर फंदे से लटका मिला। संदिग्ध परिस्थितियों में ग्रामीण का शव लटका मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे नीचे उतारा। इस दौरान फोरेंसिक टीम ने जांच पड़ताल की। युवक की मौत के बाद परिजनों में कोहराम मचा हुआ है।
कस्बा अमरगढ़ निवासी ब्रहमपाल(32) पुत्र रामस्वरूप विद्युत विभाग में संविदा कर्मचारी था। मंगलवार की शाम वह अपने पुत्र आनंद के साथ देर रात करीब नौ बजे अपने घर पहुंचा और खाना खाकर सो गया। उसका पुत्र आनंद कुछ देर बाद अपनी दादी के पास सोने चला गया, जबकि मृतक ब्रहमपाल के पास छोटे चार बच्चे भी सो रहे थे। बुद्घवार की सुबह पड़ोस की एक महिला शौच के लिए खेत पर जा रही थी। इस दौरान उसने घर के कुंडे पर फंदे से ब्रहमपाल का शव लटका देखा, इस दौरान महिला की चीख निकल गई। चीख सुनकर पड़ोसी मौके की तरफ दौड़े। मृतक की पुत्री पूजा ने बताया कि मंगलवार सुबह उनकी मां अचानक बगैर बताए कहीं चली गई थी। जो देर रात तक नही लौटी थी। वहीं कस्बे में चर्चा है कि मृतक ब्रहमपाल की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है। मृतक के पैर जमीन से लगे हुए दिखाई दे रहे थे। वहीं, बताया गया कि मृतक का अपनी पत्नी से आए दिन झगड़ा होता रहता था।
चौकी इंचार्ज ओसान सिंह ने बताया कि मृतक के बेटे आनंद ने तहरीर दी है और मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।