खानपुर में बुखार सेे युवक की मौत, प्रकोप जारी
बुलंदशहर / खानपुर। जिले में बुखार से मरने वालों का आंकड़ा तेजी से बढ़ रहा है। खानपुर क्षेत्र में बुखार से पीड़ित युवक की उपचार के लिए ले जाते समय दम तोड़ देने से मौत हो गई। युवक की मौत के बाद जनपद में बुखार से मरने वालों का आंकड़ा अब 48 तक पहुंच गया है।
जिले में अगस्त माह से बुखार ने कोहराम मचा रखा है। हालत ये है कि अधिकांश घरों में बुखार से पीड़ित मरीजों की खाट पड़ी हुई हैं। साथ ही सरकारी अस्पताल से लेकर निजी अस्पतालों में उपचार के लिए मरीजों की लाइन लग रहीं है। इतना ही नहीं अपंजीकृत चिकित्सक भी खुलेआम अपनी दुकानों पर बुखार से पीड़ित मरीजों का उपचार कर रहे है। शनिवार को खानपुर क्षेत्र के गांव कनौना निवासी 20 वर्षीय युवक सोनू ने उपचार के लिए ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। परिजनों ने बताया कि सोनू पिछले आठ दिन से बुखार से पीड़ित था और उसका उपचार गांव में ही एक अपंजीकृत चिकित्सक द्वारा किया जा रहा था। शनिवार को सोनू की हालत गंभीर होने पर परिजन उसे बुलंदशहर उपचार के लिए लेकर आ रहे थे। युवक की मौत होने से परिजनों में कोहराम मच गया। बुखार से अब तक जिले में करीब 48 मौत हो चुकी है। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि बुखार से युवक की मौत की जानकारी नहीं है। गांव में टीम भेजकर पता किया जाएगा। साथ ही स्वास्थ्य टीम को गांव में मेडिकल कैंप लगाने के भी निर्देश दिए गए हैं।