दो हजार की अवैध उगाही का ऑडियो वायरल
बुलंदशहर। किसी न किसी विवाद में रहने वाला जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय एक बार फिर सुर्खियों में है। अब एक खंड शिक्षा अधिकारी द्वारा दो हजार की अवैध उगाही का ऑडियो वायरल हुआ है। प्रमाण पत्रों के सत्यापन नाम पर की गई अवैध वसूली की मांग की शिकायत शिक्षिका ने बीएसए से की है। बीएसए ने जांच के आदेश जारी कर दिए हैं।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय के खंड शिक्षा अधिकारी का अवैध उगाही से संबंधित वायरल हुआ ऑडियो जहांगीराबाद क्षेत्र की एक शिक्षिका के प्रमाण पत्रों के सत्यापन से जुड़ा बताया जा रहा है। चर्चा है कि शिक्षिका ने प्रमाण पत्रों के सत्यापन के लिए खंड शिक्षा अधिकारी से मोबाइल पर वार्ता की। इस दौरान हुई बातचीत में ही दो हजार की अवैध उगाही की मांग की गई, जिसका ऑडियो वायरल हो रहा है। उक्त मामले की शिक्षिका ने बीएसए को कई दिन पहले शिकायत की थी। इस पर बीएसए ने शिक्षिका से जानकारी हासिल करने के बाद अवैध उगाही मांग करने वाले अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई करने की बात कही है। यह ऑडियो वायरल होने के बाद विभाग में हड़कंप मचा हुआ है। बीएसए ने पूरा मामला संज्ञान में ले लिया है। चर्चा यह भी है कि संबंधित खंड शिक्षा अधिकारी की पूर्व में भी अवैध उगाही की कई शिकायत अफसरों को मिल चुकी हैं। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अंबरीष कुमार का कहना है कि मामला मेरे संज्ञान में। शिक्षिका की शिकायत भी सुन ली गई है और साथ ही शिक्षिका से पूरी जानकारी हासिल कर ली है। मामला गंभीर होने के कारण जांच करवाई जाएगी। खंड शिक्षा अधिकारी से जवाब-तलब किया जाएगा। जांच में दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।