फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस बार भी समय पर नहीं चलेगी वेव शुगर मिल 16-56-34

विज्ञापन
विज्ञापन
इस बार भी समय पर नहीं चलेगी वेव शुगर मिल
विज्ञापन

बुलंदशहर। वेव शुगर मिल इस बार भी देरी से चलेगी। इसका कारण यह है कि मिल अफसरों ने देरी से मरम्मत और तैयारी की शुरूआत की है। हालांकि मिल को समय पर चलवाने के लिए शासन से लेकर प्रशासन लगातार संपर्क कर रहा है। यदि मिल समय पर नहीं चली तो गन्ना किसानों की परेशानी बढ़ सकती है।
नगर की पन्नीनगर शुगर मिल को बसपा के शासन में वेव कंपनी को मात्र 29 करोड़ में बेच दिया गया था। इसके चलते इस मिल का नाम बदल कर वेव शुगर मिल हो गया था। वेव कंपनी ने मिल खरीदने के बाद शुरूआत से ही मिल को न चलाने का कई बार प्रयास किया। इसके चलते दो वर्ष मिल बंद भी रही। विगत वर्ष गन्ना किसानों की मांग पर मिल को चला तो दिया था लेकिन देरी से मिल चलने पर किसानों को परेशानी का सामना करना पड़ा था। इस बार मिल अफसरों ने शासन को मिल न चलाने का नोटिस देकर खलबली मचा दी थी। गनीमत यह रही कि शासन के सख्त रवैये के चलते मिल को चलाने का आदेश जारी किया गया। साथ ही पिछले दिनों मिल की मरम्मत आदि का काम भी समय पर पूरा करने के निर्देश जारी किए गए। गन्ना आयुक्त ने भी पिछले दिनों मिल का जायजा लिया था और मिल की हालत को देखकर अफसरों को फटकार लगाते हुए समय पर मिल चलाने के लिए तैयारी में तेजी लाने के निर्देश दिए थे। बावजूद इसके अभी भी मिल का मरम्मत कार्य और तैयारी देरी से शुरू हुई। जिसके चलते मिल इस बार भी समय पर नहीं चलने की संभावना जताई जा रही है। जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी ने बताया कि वेव शुगर मिल को समय पर चलवाने के लिए शासन से लेकर प्रशासन तक लगातार अफसरों से संपर्क बनाए हुए हैं। प्रयास किया जा रहा है कि मिल समय पर चले, ताकि किसानों को परेशानी न हो। वहीं, दूसरी ओर वेव प्रबंधन से बात नहीं हो सकी।
विज्ञापन



15 अक्टूबर से शुरू हो जाएंगी मिल, शासन ने जारी किए आदेश
बुलंदशहर। जिले के गन्ना किसानों के लिए एक अच्छी खबर भी है। शासन ने 15 अक्टूबर से चीनी मिलों को शुरू करवाने का आदेश जारी कर दिया है। 15 से 25 अक्टूबर तक साबितगढ़, अनामिका और अनूपशहर मिल चल जाएंगी। जबकि वेव शुगर मिल को लेकर अभी संशय बरकार है।
विज्ञापन

जिला गन्ना अधिकारी डीके सैनी ने बताया कि शासन और विभाग की ओर से चीनी मिलों को चलाने के लिए 15 अक्टूबर से आदेश जारी हो गया है। इस आदेश से जिले की सभी चीनी मिलों के अफसरों को अवगत करवा दिया है। उन्होंने बताया कि जिले की साबितगढ़, अनामिका और अनूपशहर चीनी मिल 15 से 25 अक्टूबर तक चल जाएंगी। इन मिलों में मरम्मत आदि का काम अंतिम चरण में है और तैयारियां भी लगभग पूरी कर ली हैं। वेव शुगर के समय पर चलने पर संशय बरकार है। उन्होंने यह भी बताया कि जिले में विगत वर्ष 250 क्रय केंद्र पर गन्ने की तौल हुई थी। इस बार 28 और नए क्रय केंद्र खोले जाएंगे। जिले के किसानों का गन्ना आठ चीनी मिलों द्वारा खरीदा जाएगा। इनमें साबितगढ़, अनामिका, अनूपशहर, वेव, गंगापार रजपुरा, हापुड़ की ब्रजनाथपुर, सिम्भावली और अमरोहा की चंदनपुर चीनी मिल शामिल हैं। इन मिलों को गन्ना खरीद के लक्ष्य का आवंटन करने आदि की तैयारी भी शुरू हो गई हैं। डीके सैनी ने बताया कि इस बार प्रयास किया जा रहा है कि गन्ना किसानों को कोई परेशानी न हो। इसके लिए कई नए दिशा-निर्देश जारी करने के साथ कई कठोर कदम उठाए जा रहे हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें