जेलों में तलाशी व्यवस्था होगी सुदृढ़, लगेंगे डीप सर्च मेटल डिटेक्टर
बुलंदशहर। अब जेलों में कैदियों से मिलाई के लिए पहुंचने वाले परिजनों की तलाशी हाईटेक तरीके से ली जाएगी। इसके लिए शासन ने प्रदेश की 70 जिला कारागार में डीप सर्च मेटल डिटेक्टर लगाने के आदेश दिए हैं। इसके लिए शासन ने 2.09 करोड़ की धनराशि भी जारी कर दी गई है।
जिला कारागार मेें भी कैदी व बंदी सुरक्षित नहीं हैं। बाहरी व्यक्तियों द्वारा जेल में अवैध सामग्री पहुंचाए जाने की सैकड़ों शिकायतें शासन को मिल रहीं हैं। इसके अलावा जेल में कैदी, बंदियों पर हो रहे हमले, बदमाशों की हत्याओं ने शासन के माथे पर भी चिंता की लकीरें खींच दी हैं। शासन ने शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जेलों में सुरक्षा बढ़ाने के आदेश दिए हैं। संयुक्त सचिव सूर्यप्रकाश सिंह सेंगर ने आदेश जारी करते हुए प्रदेश की 70 जेलों में डीप सर्च मेटल डिटेक्टर लगाने के आदेश दिए हैं। इसके लिए प्रति कारागार में करीब तीन लाख रुपये की धनराशि खर्च की जाएगी। संयुक्त सचिव ने प्रदेश की 70 जेलों के लिए आवश्यक धनराशि 2.09 करोड़ रुपये जारी कर दिए हैं। शासन के आदेशों के बाद जेल में डीप मेटर डिटेक्टर लगाने की तैयारी शुरू कर दी हैं।