बुखार से पीड़ितों का हाल जानने अस्पताल पहुंचे डीएम
बुलंदशहर। जिले में बुखार से पीड़ित मरीजों का हाल जानने के लिए बृहस्पतिवार को डीएम अनुज कुमार झा ने जिला अस्पताल का निरीक्षण किया। डीएम के अचानक अस्पताल आने से अस्पताल कर्मियों में हड़कंप मच गया। इस दौरान भर्ती मरीजों से उनका हालचाल पूछा और दी जा रहीं सुविधाओं की जानकारी ली। साथ अस्पताल प्रशासन को मरीजों के खान-पान पर भी विशेष ध्यान देने को कहा।
जिले के ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर नगरीय क्षेत्रों में बुखार का कहर बना हुआ है। सभी आयु वर्ग के लोग इसकी चपेट में है और मरीजों से जिला अस्पताल भरा हुआ है। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की जांच करने और उनका हालचाल पूछने के लिए बृहस्पतिवार सुबह डीएम अनुज कुमार झा अस्पताल पहुंचे। सबसे पहले आपातकालीन का निरीक्षण कर मरीजों को दी जाने वाली सुविधाओं की जानकारी ली। इसके बाद भर्ती मरीजों का हाल जानने के लिए मेडिकल वार्ड पहुंचे। वार्ड में क्षमता से अधिक मरीज भर्ती होने पर डीएम ने अतिरिक्त बेड की व्यवस्था करने के अस्पताल प्रशासन को निर्देश दिए। साथ ही उन्होंने बेड कम और मरीज अधिक भर्ती होने पर शासन को रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए। इसके बाद ब्लड बैंक और पैथोलॉजी लैब का निरीक्षण किया। डीएम अनुज कुमार झा ने बताया कि जिला अस्पताल में चिकित्सक न होने के बाद भी लोग सरकारी सुविधाओं का लाभ लेने के लिए जिला अस्पताल आ रहे है। अस्पताल प्रशासन को उपचार के लिए आने वाले मरीजों की हालत गंभीर होने पर भर्ती करने के निर्देश दिए गए है। मरीज को वापस न करने के लिए भी निर्देश दिए गए है।
एक घंटे से अधिक समय तक मेडिकल वार्ड में रहे डीएम
जिला अस्पताल के निरीक्षण के दौरान डीएम अनुज कुमार झा ने मेडिकल वार्ड में एक घंटे से अधिक समय मरीजों से हालचाल में गुजारा। मेडिकल वार्ड में बुखार से लेकर अन्य बीमारियों से पीड़ित भर्ती थे। डीएम ने वार्ड में भर्ती सभी मरीजों से हालचाल पूछा और चिकित्सीय सेवाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान सीएमओ डॉ. केएन तिवारी, सीएमएस डॉ. रामवीर सिंह समेत अस्पताल प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहें।