लापरवाही बरतने पर आठ चालक-परिचालकों की संविदा समाप्त
बुलंदशहर। लंबे समय से बिना सूचना दिए ड्यूटी से अनुपस्थित रहने पर आठ चालक-परिचालकों पर गाज गिर गई। एआरएम ने लापरवाह कर्मचारियों की संविदा समाप्त कर रिपोर्ट बनाकर मुख्यालय भेज दी है।
सख्त आदेश के बावजूद रोडवेज डिपो पर लंबे समय से गैरहाजिर चल रहे आठ चालक-परिचालकों की संविदा समाप्त कर दी गई है। डिपो के एआरएम जेडए नोमानी ने बताया कि चालक-परिचालकों की ड्यूटी की जांच-पड़ताल कराई गई जिसमें दर्जनों परिचालक गैरहाजिर मिले। बिना किसी सूचना के अनुपस्थित रहने के कारण डिपो से बसों का संचालन प्रभावित हो रहा था। कई रूट पर बसों का संचालन परिचालकों के कारण रुक गया। इस कारण चालक पवन पचौरी, उमेश कुमार, विनोद कुमार, वीरेंद्र कुमार, सोनू कुमार, संजय कुमार, देवेंद्र कुमार और परिचालक आशीष कुमार पर कार्रवाई करते हुए संविदा समाप्त कर दी गई है। उधर, डिपो अधिकारियों ने कुछ मार्गों पर लोड फैक्टर कम आने पर चालक-परिचालकों को कड़े निर्देश दिए हैं। साथ ही अन्य लोगों की भी जांच कराई जा रही है। सभी की संविदा समाप्ति की रिपोर्ट बनाकर आरएम और मुख्यालय भेज दी गई है।