बुखार से सात साल के मासूम की मौत
बुलंदशहर / स्याना। जनपद में बुखार का कहर बढ़ता जा रहा है। शनिवार रात स्याना क्षेत्र निवासी एक सात वर्षीय मासूम की बुखार के चलते मौत हो गई। पिछले 17 दिनों में बुखार की चपेट में आकर 21 लोगों की मौत हो चुकी है। बुखार से लोग दहशत में हैं तो अफसर सब कुछ सामान्य होने की बात कह रहे हैं।
जनपद में बुखार का कहर बढ़ता ही जा रहा है। शनिवार रात स्याना क्षेत्र के गांव वैराफिरोजपुर निवासी बिजेंद्र का सात वर्षीय पुत्र दीपांशु की मौत हो गई। पिता बिजेंद्र ने बताया कि दीपांशु गत एक सप्ताह से बुखार से पीड़ित था। जिसका उपचार गांव के ही एक चिकित्सक द्वारा किया जा रहा था। शनिवार दोपहर उसका स्वास्थ्य अधिक बिगड़ गया और रात को उसने दम तोड़ दिया। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार स्याना क्षेत्र के गांव वैरा फिरोजपुर में गत तीन दिन में दो बच्चे बुखार से दम तोड़ चुके है और अब तक 17 दिनों में छह बच्चों समेत 21 लोगों की मौत बुखार से हो चुकी है। जिसमें महिलाएं भी शामिल है। सीएमओ डॉ. केएन तिवारी ने बताया कि बुखार से मौत की जानकारी मिलने पर संबंधित क्षेत्र में स्वास्थ्य टीमों को भेजा जा रहा है। साथ ही सभी चिकित्सा प्रभारियों को अलर्ट कर दिया गया है। साथ ही लोगों से बचाव के लिए घर व आस-पास सफाई रखने, खाना ढककर रखने, बासी खाना नहीं खाने, पानी को उबालकर पीने की अपील की है।