छिड़काव न होने से मच्छर का डंक कर रहा बीमार
- बारिश के बाद जगह-जगह जलभराव से भी बढ़ रहे मच्छर
- मलेरिया विभाग की ओर से आदेश के बाद भी नहीं हो रही फागिंग
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। बारिश के बाद जगह-जगह गंदगी और जलभराव होने से मच्छरों का प्रकोप बढ़ना शुरू हो गया है। जिससे लोगों में बीमारियों के बढ़ने की आशंका के बाद भी विभाग चुप्पी साधे हुए है।
बारिश के बाद से जिले के सभी क्षेत्रों में मच्छरों का प्रकोप बढ़ने लगा है। जबकि जुलाई माह में मलेरिया विभाग द्वारा प्रत्येक रविवार को लार्वा के लिए छिड़काव करने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही नगर पालिका, पंचायतों और ग्राम पंचायतों को शासन द्वारा बारिश के समय फागिंग करने के निर्देश दिए गए। लेकिन अधिकांश क्षेत्रों में फागिंग होती है वह भी सिर्फ खाना पूर्ति तक ही सीमित है। नियमित फागिंग न होने से मच्छरों की संख्या बढ़ती चली जा रही है। नगर निवासी शुभम और यतिन ने बताया कि कूड़े-कचरे के ढेर से मच्छरों का प्रकोप बढ़ गया है, जो जन स्वास्थ्य के लिए खतरे की स्थिति पैदा किए हुए है। खुले नाले या नाली के पास खड़े होने पर ही मच्छरों का कहर टूट पड़ता है, जो रात दिन परेशान किए रहते हैं। गौरव और कविश ने बताया कि नगर में फागिंग होती है वह सिर्फ बाहर सड़कों पर ही होती है, जिसके बाद सारे मच्छर गली, मोहल्लों और घरों में एकत्र हो जाते हैं। जिला मलेरिया अधिकारी डा. वीके श्रीवास्तव ने बताया जिलेभर में एंटी लार्वा का छिड़काव किया जा रहा है। छिड़काव द्वारा अधिकांश लार्वा को नष्ट कर दिया गया है। बताया कि बारिश का मौसम शुरू हो गया है, अधिकांश लोगों ने कूलरों से पानी नहीं निकाला है, इससे लार्वा एकत्र होने की संभावना है। लोगों को जागरुक होने की आवश्यकता है। बताया कि नगर पालिका और पंचायत क्षेत्रों में फागिंग के लिए पालिका और पंचायत अफसरों को निर्देश दिए गए हैं। जल्द ही सभी जगह फागिंग की जाएगी।