बकाया गन्ना भुगतान के लिए भाकियू ने घेरा डीसीओ कार्यालय
बुलंदशहर। भारतीय किसान यूनियन ने सोमवार को चीनी मिलों पर बकाया गन्ना भुगतान सहित किसानों की पांच मांगों के समर्थन में जिला गन्ना अधिकारी कार्यालय का घेराव कर नारेबाजी की। किसान नेताओं ने डीसीओ को मुख्यमंत्री के नाम का ज्ञापन देकर जल्द मांगों को पूरा करने की बात कही। साथ ही जल्द मांगे पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
जिलाध्यक्ष नरेंद्र उर्फ गुड्डू प्रधान ने कहा कि शासन की ओर से किसानों को गन्ने का भुगतान करने के लिए 14 दिन का समय निर्धारित किया गया था। मगर, अभी तक हजारों किसानों का बकाया गन्ना भुगतान चीनी मिलों ने नहीं किया है। बकाया गन्ना भुगतान नहीं होने से किसान परेशान हैं। उन्होंने कहा कि चीनी मिलों को आदेश जारी किए जाएं कि वह मरम्मत कार्य अभी से शुरू कर दें, ताकि पेराई सत्र में किसानों को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े। चीनी मिलों में गत पेराई सत्र में घटतौली के मामले सामने आए। इस बार इस पर रोक लगनी चाहिए। इसके अलावा उन्होंने कहा कि सहकारी गन्ना समिति पर सब्सिडी की बंदरबांट जारी है। अधिकारी और कर्मचारी अपने चहेते किसानों को सब्सिडी का लाभ दे रहे हैं। इसकी जांच की जाए। उन्होंने मिल चलने से पहले किसानों को गन्ना कलेंडर मिलना, गन्ने का समर्थन मूल्य 450 प्रति कुंतल, मिलों की मानक पेराई क्षमता के सापेक्ष गन्ने की पेराई करवाने की प्रक्रिया शुरू करने की मांग की। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द से जल्द किसानों की समस्याओं का निराकरण नहीं हुआ तो भाकियू आंदोलन करने के लिए मजबूर होगी। इस दौरान प्रदेश सचिव कैप्टन बिशन सिंह, कैप्टन यशवीर सिंह, राजकुमार शर्मा, दयाचंद त्यागी, राजू चौधरी, विकाश शर्मा, योगेश राघव, ठा. केपी सिंह, नावेद पठान और ठा. मदनपाल सिंह आदि मौजूद रहे।