गन्ना भुगतान में वेव और ब्रजनाथपुर मिल फिसड्डी
- डीएम ने जल्द भुगतान न करने पर दिए एफआईआर दर्ज कराने के आदेश
- गन्ना भुगतान की समीक्षा बैठक में अधिकारियों की ली क्लास
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिले में किसानों का गन्ना भुगतान करने में वेव और ब्रजनाथपुर शुगर मिल फिसड्डी साबित हुई हैं। डीएम की समीक्षा बैठक में दोनोें मिलों के भुगतान की स्थिति संतोषजनक नहीं पाई गई, जिस पर उन्होंने जल्द भुगतान न करने पर मिल प्रबंधकों के खिलाफ एफआईआर की चेतावनी दी।
सोमवार की शाम कलक्ट्रेट सभागार में डीएम अनुज कुमार झा ने गन्ना मूल्य भुगतान की समीक्षा की। डीएम ने मिल प्रबंधन को कड़ी फटकार लगाते हुए कहा कि पिछले माह में समय से भुगतान करने की बात कही गई थी, लेकिन अभी तक किसानों का बड़े पैमाने पर बकाया है, जिससे किसानों में रोष है। डीएम ने समीक्षा के दौरान पाया कि वेव शुगर मिल द्वारा 38, अनूपशहर चीनी मिल द्वारा 52, अनामिका मिल द्वारा 79, साबितगढ़ द्वारा 75, सिंभावली द्वारा 47, ब्रजनाथपुर द्वारा 44, चंदनपुर द्वारा 81, रजपुरा चीनी मिल द्वारा 68 फीसदी भुगतान किया गया है। डीएम ने सबसे कम भुगतान वाले वेव शुगर मिल, सिंभावली और ब्रजनाथपुर मिल के प्रबंधकों को कड़ी फटकार लगाते हुए किसानों का समय से भुगतान करने के निर्देश दिए हैं।