प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बीडीए बनाएगा 2500 आवास
- प्रमुख सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर 15 दिन में जमीन तलाशने के दिए आदेश
- आवासों के लिए प्रार्थी को बीडीए में देने में होंगे 2 लाख रुपये
- बुलंदशहर, सिकंदराबाद व जहांगीराबाद में बनाए जाएंगे आवास
- 60 हजार वर्ग मीटर जमीन की तलाश में जुटे बीडीए अफसर
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बीडीए 2500 आवासों का निर्माण कराएगा। इसके लिए सोमवार शाम प्रमुख सचिव ने अफसरों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर आवश्यक निर्देश दिए। प्रमुख सचिव के निर्देश पर बीडीए अफसर आवास निर्माण के लिए जमीन की तलाश करने में जुट गए हैं।
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बीडीए (बुलंदशहर विकास प्राधिकरण) को 2500 आवास बनाने का लक्ष्य दिया गया है। योजना के तहत न केवल बुलंदशहर, बल्कि सिकंदराबाद जहांगीराबाद समेत अन्य क्षेत्रों में आवासों का निर्माण कराया जाना है। सोमवार को बीडीए उपाध्यक्ष, डीएम समेत अन्य अफसरों के साथ प्रमुख सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर 15 दिनों में आवास निर्माण के लिए आवश्यक 60 हजार वर्ग मीटर जमीन तलाशने के आदेश दिए हैं। जमीन तलाशने के बाद आवास निर्माण का कार्य शुरू किया जाएगा। इससे गरीब तबके के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। सिकंदराबाद क्षेत्र में प्रधानमंत्री आवास बनने के बाद फैक्ट्रियों में कार्यरत मजदूरों को सस्ती दर पर मकान मिल सकेंगे। बीडीए अफसरों ने इससे पूर्व देहात के गांव नैथला के पास अपनी ही जमीन का प्रस्ताव बनाकर शासन को भेजा था, लेकिन जमीन के कृषि से आवासीय खाते में स्थानांतरण न होने के कारण जमीन का प्रस्ताव रद्द कर दिया गया। प्रमुख सचिव के आदेशों पर अब अफसरों ने बुलंदशहर, सिकंदराबाद व जहांगीराबाद में जमीन की तलाश शुरू कर दी है।
लोगों को 2 लाख में मिलेगा मकान
प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत बीडीए की ओर से बनाए जाने वाले मकान लोगों को 2 लाख में मिलेंगे। जबकि मकानों की वास्तविक लागत 4.5 लाख रुपये होगी। इसमें से 1.5 लाख रुपये केन्द्र सरकार व एक लाख रुपये राज्य सरकार वहन करेगी।
आवेदन प्रक्रिया प्रगति
योजना के तहत बनाए जाने वाले आवासों के लिए आवेदन प्रक्रिया चल रही है। योजना के तहत तीन से छह लाख रुपये प्रतिवर्ष की आय वाले इच्छुक व्यक्ति ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। उपाध्यक्ष ने बताया कि आवेदन के आधार पर पात्रों को योजना का लाभ दिया जाएगा।
कोट-
प्रमुख सचिव ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर जमीन तलाशने के आदेश दिए थे। आदेशों पर अमल करते हुए जमीन तलाशी जा रही है। जल्द ही प्रस्ताव बनाकर भेज दिया जाएगा। विभिन्न स्थानों पर आवासों का निर्माण कराया जाएगा। - शफकत कमाल, उपाध्यक्ष, बीडीए