बाइक सवार को मैक्स पिकअप ने रौंदा, मौके पर मौत
बुलंदशहर। देहात कोतवाली की नई मंडी चौकी क्षेत्र में रविवार शाम तेज रफ्तार अनियंत्रित मैक्स पिकअप ने एक बाइक सवार को सामने से टक्कर मार दी। दुर्घटना के बाद बाइक सवार की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचित किया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
औरंगाबाद थाना क्षेत्र के गांव रतनपुर निवासी पवन पुत्र सूरजपाल रविवार को किसी काम के सिलसिले में बुलंदशहर अपनी ही बाइक से आया था। शाम करीब 3- 4 बजे वह बाइक से ही वापस अपने गांव लौट रहा था। रास्ते में गांव इमलिया के निकट पहुंचने पर सामने से आ रहे तेज रफ्तार अनियंत्रित मैक्स पिकअप ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। जिसमें बाइक सवार युवक दूर जा गिरा और गंभीर रुप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद आरोपी मैक्स पिकअप चालक मौके से भाग निकला। राहगीरों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने पवन को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। नई मंडी चौकी इंचार्ज नवीन भाटी ने बताया कि मामले में परिजनों को सूचित कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। आरोपी वाहन चालक की तलाश की जा रही है। वहीं युवक की मौत के बाद परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है।