कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा
- बीबीनगर व गुलावठी क्षेत्र में निरीक्षण कर अफसरों को दिए निर्देश
- आपात स्थिति में डायल 100 की गाड़ियां एंबुलेंस का भी करेंगी कार्य
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर/गुलावठी/बीबीनगर/स्याना। कांवड़ यात्रा की तैयारियों को लेकर बृहस्पतिवार को डीएम व एसएसपी ने अफसरों को आवश्यक निर्देश दिए। इस दौरान डीएम-एसएसपी ने बीबीनगर व गुलावठी क्षेत्र का दौरा कर सुरक्षा व्यवस्था बनाने के आदेशों के साथ डायल 100 गाड़ियों को भी आपात स्थिति में एंबुलेंस के तौर पर प्रयोग करने के निर्देश दिए।
बृहस्पतिवार को डीएम अनुज कुमार झा व एसएसपी केबी सिंह ने कांवड़ यात्रा के लिए निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम ने बुलंदशहर से जैनपुर, गुलावठी, बीबीनगर होते हुए अहार मंदिर तक मार्गों व व्यवस्थाओं का जायजा लिया। डीएम ने कांवडियों की सुविधा के लिए रास्तों पर डायल 100 पुलिस की गाड़ियों को तैनात करने तथा किसी भी आपात स्थिति में एंबुलेंस के तौर पर प्रयोग करने के निर्देश दिए। स्याना के गांव लाडपुर में गोगा जाहरवीर मंदिर परिसर का भी निरीक्षण करते हुए ग्रामीणों ने जर्जर तारों को बदलने की मांग की। ग्रामीणों की मांग पर डीएम ने बिजली अफसरों को तार बदलने के लिए निर्देश जारी किए। इसके अलावा रास्ते में कटीली झाड़ियों को हटाकर मिट्टी से समतल करने के लिए सिंचाई विभाग के अफसरों को आदेश दिए। इस मौके पर डीएम के साथ स्याना एसडीएम अविनाश चंद्र मौर्य, संजय पांडेय, तहसीलदार अनूपशहर, सीओ स्याना समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।