अब सोलर चरखों पर काम करेंगे बुनकर
- प्रमुख सचिव खादी एवं ग्रामोद्योग ने जाना बुनकरों का दर्द
- भटौना खादी ग्रामोद्योग केंद्र का निरीक्षण किया
अमर उजाला ब्यूरो
गुलावठी। खादी एवं ग्रामोद्योग के प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने शुक्रवार को ग्राम भटौना में खादी ग्रामोद्योग केंद्र का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बुनकरों का दर्द जाना और समस्याओं के निवारण का भरोसा दिया। कहा कि जल्द ही सरकार की ओर से बुनकरों को निशुल्क सोलर चरखे दिए जाएंगे। इससे उनकी आर्थिक स्थिति में सुधार होगा।
प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने बुनकरों और चरखे पर सूत कातने वाली महिलाओं से बात की। बुनकर राजबाला, रेवती, प्रेमसुंदर, गंगाशरण, महेंद्र सिंह, कंछिद, कुंवरपाल आदि ने बताया कि उन्हें मजदूरी बहुत कम मिलती है। जिसमें उनके परिवार की गुजार बसर नहीं हो पाती। कई बुनकर तो 35-40 वर्ष से काम कर रहे हैं, लेकिन उनकी आर्थिक स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ है। बुनकरों ने मांग की कि उनकी मजदूरी बढ़ाई जाए और उनके लिए पेंशन की व्यवस्था की जाए। कई बुनकरों ने मांग की कि मजदूरी की राशि नगद दिलाई जाए। बुनकरों की यह भी शिकायत थी कि कई महीनों से उनके खाते में बोनस की राशि नहीं आई है। प्रमुख सचिव नवनीत सहगल ने कहा कि परंपरागत चरखे से कम सूत बनता है। सरकार बुनकरों की स्थिति में सुधार के लिए सोलर चरखों का प्रावधान करने जा रही है। ये चरखे बुनकरों को मुफ्त प्रदान किए जाएंगे और इन्हें चलाने की ट्रेनिंग भी सरकार खुद देगी। इनके उपयोग से इनकी आय में वृद्धि हो सकेगी। उन्होंने कहा कि अनियमितताएं रोकने के लिए मजदूरी की राशि बैंक खाते में भेजने की व्यवस्था की गई है और मजदूरी की राशि का निर्धारण केंद्र सरकार द्वारा किया जाता है। मुख्य विकास अधिकारी ईशा दूहन ने आश्वासन दिया कि सीनियर सिटीजन की श्रेणी में आने वाले बुनकरों की वृद्धावस्था पेंशन योजना के अंतर्गत पेंशन बनवाई जाएगी। इस मौके पर भटौना ग्रामोदय सहकारी समिति के सचिव राजकुमार ने बताया कि यह संस्था सन 1962 से कार्य कर रही है। इसके निर्देशन में बनाए गए खेस, चादर, दुतई आदि कपड़े पूरे देश भर में भेजे जाते हैं। सैकड़ों लोगों को इससे रोजगार मिला है। परिक्षेत्रीय खादी ग्रामोद्योग अधिकारी राजेंद्र सिंह, जिला खादी ग्रामोद्योग अधिकारी संजय श्रीवास्तव, समिति के चेयरमैन राजेंद्र सिंह, महक सिंह, बाब सुखपाल सिंह, अमरीश तेवतिया, ब्रहमपाल सिह, हरिओम डागर, अमरी पाठक, अब्दुल रहीम आदि मौजूद रहे।