बारिश में पशुओं को बीमारी से बचाने को लगेंगे आरोग्य शिविर
बुलंदशहर। बारिश से पूर्व आम तौर पर पशुओं का टीकाकरण किया जाता था। प्रदेश सरकार ने इस बार पशुओं को बीमारी से बचाने के न्याय पंचायत स्तर पर पंडित दीनदयाल आरोग्य पशु शिविर लगाने के आदेश दिए हैं। जिसमें पशुओं की चिकित्सा एवं टीकाकरण के साथ पशुधन बीमा, कृतिम गर्भाधान और माइनर सर्जरी तक की जाएगी।
बारिश के दिनों में पशुओं में खुरपका, मुंहपका, गलघोंटू जैसी तमाम बीमारियां होती हैं। इससे पशुओं की मौत तक हो जाती है। वैसे बरसात पूर्व पशुपालन विभाग टीकाकरण कराता है लेकिन वह भी कागजों पर ही चलता है इसकी शिकायतें आम रहती हैं। पशुधन को बचाने और पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए इस बार सरकार ने न्याय पंचायत स्तर पर पंडित दीनदयाल पशु आरोग्य शिविरों का आयोजन करने का आदेश दिया है। जिले के हर ब्लाक में न्याय पंचायत स्तर पर पशु आरोग्य शिविर लगाए जाएंगे। इनका आयोजन पशुपालन विभाग ब्लाक न्याय पंचायत स्तर पर करेगा। जिले की न्याय पंचायतों में इसका आयोजन किया जाएगा। निदेशक पशुपालन डॉ. चरन सिंह यादव ने आदेश दिया था कि जून माह में शिविरों का आयोजन किया जाए लेकिन इसके लिए बजट नहीं जारी किया गया। अब बजट मिलने पर शिविरों का आयोजन जुलाई माह से होगा। मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डॉ. लक्ष्मी नारायण ने बताया कि हर शिविर का शुभारंभ जनप्रतिनिधि करेंगे। इसी माह जल्द लगाए जाने वाले शिविरों के लिए विभाग की ओर से तैयारी की जा रही है और जल्द ही शिविर लगाने की तिथि जारी कर दी जाएंगी।