गांव चहैला की गलियों में भरा पानी, निकासी के प्रबंध नहीं
अहमदगढ़। सफाई व्यवस्था दुरुस्त न होने के चलते गांव चहैला के लोग जलभराव की समस्या से त्रस्त हो चुके हैं। इस समस्या के निस्तारण के लिए ग्रामीणों ने मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजा है।
गांव चहैला निवासी वाहिद अली, इस्माइल, ताहिर अली, इंतजार खां, शाहिद खां, परवीन और नईम आदि ने बताया कि गांव में पानी की निकासी के लिए कोई प्रबंध नहीं हैं। अधिकतर गलियां कच्ची हैं और नालियां भी नहीं है। इसके चलते थोड़ी सी बारिश होते ही गांव की गलियों में पानी जमा होने लगता है। इससे ग्रामीणों को खासी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इस समस्या से अफसर और राजनेताओं को कई बार अवगत करवाया, लेकिन आज तक किसी ने उनकी इस समस्या को दूर करने का प्रयास नहीं किया। इससे ग्रामीणों में रोष है और चेतावनी दे रहे हैं कि यदि समस्या जल्द दूर नहीं हुई तो वह सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे। ग्रामीणों ने बताया कि अब उन्होंने इस समस्या से निजात दिलवाने के लिए मुख्य विकास अधिकारी को पत्र भेजा है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी इस समस्या का जल्द निदान नहीं हुआ तो वह आंदोलन को मजबूर होंगे।