10 जुलाई तक करें राशन कार्ड के लिए आवेदन
बुलंदशहर। जिन गरीब पात्रों के अभी तक राशन कार्ड नहीं बन पाए हैं, उन्हें फिर से एक और मौका दिया गया है। ऐसे परिवारों के मुखिया 10 जुलाई तक राशन कार्ड के लिए ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। साथ ही उसकी हार्डकॉपी तहसील या फिर जिला पूर्ति कार्यालय में जमा कर दें।
पात्रों को ये मौका ‘गरीब को अन्न’ कार्यक्रम के तहत राज्य सरकार ने दिया है। इसके लिए गरीब परिवारों को खोज-खोजकर उनके राशन कार्ड बनाने के लिए पूर्ति निरीक्षक व अन्य संबंधित अधिकारी-कर्मचारी जिम्मेदार किए गए हैं। जिला पूर्ति अधिकारी केबी सिंह ने बताया कि गरीब को अन्न योजना के तहत खाद्य आयुक्त ने विस्तृत निर्देशों के साथ टाइम लाइन भी जारी की है। जिस पर कार्ययोजना बन रही है। व्यवस्था के तहत हर गरीब परिवार को राशन कार्ड दिया जाएगा, जिन पात्रों के कार्ड नहीं बने हैं उनसे ऑन लाइन आवेदन प्राप्त किए जाएंगे।
इस बनेंगे राशन कार्ड और होगा काम
- अब से 10 जुलाई तक राशन कार्ड के आवेदनों का एकत्रीकरण।
- 11 से 20 जुलाई तक आवेदन पत्रों का सत्यापन होगा।
- 21 से 25 जुलाई तक सत्यापित आवेदनों में 5 प्रतिशत की रेंडम जांच होगी।
- 25 से 31 जुलाई तक नोडल अधिकारी सत्यापित फार्मों में से दो प्रतिशत आवेदन की जांच करेंगे।
- एक से चार अगस्त तक कोटे पर राशन पहुंचने का क्रास सत्यापन होगा।
- पांच से 20 अगस्त तक पर्यवेक्षणीय अधिकारियों की मौजूदगी में कोटे पर राशन वितरण होगा।
- छह से 11 अगस्त तक जिनके राशन कार्ड बनेंगे, उन्हें कार्ड बांटे जाएंगे छूटे लोगों के फार्म भराए जाएंगे।
- 12 और 13 अगस्त को ब्लॉक स्तरीय सतर्कता समिति की बैठकें होंगी।
- 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम पर भी व्याख्यान होंगे।
फार्म में लगेंगे यह दस्तावेज
- परिवार के मुखिया का एक फोटो व आधार नंबर।
- परिवार के सभी सदस्यों के आधार कार्ड की फोटो कॉपी।
- बैंक पासबुक के प्रथम पृष्ठ की फोटोकॉपी।
- आवेदन पत्र पर परिवार के मुखिया का मोबाइल नंबर।
- ऑनलाइन आवेदन के बाद तहसील में जमा करनी होगी कॉपी