गोशाला में लग रहे मोबाइल टावर को रुकवाया
डिबाई। नगर में घनी आबादी व स्कूल के निकट हाईवे स्थित गोशाला में लग रहे मोबाईल टावर को एसडीएम संजय पांडेय ने रुकवा दिया। गोशाला के निकट स्कूल व स्थानीय लोगों की शिकायत पर एसडीएम ने जांच पूरी होने तक कार्य रुकवा दिया।
नगर में स्थित गोशाला का संचालन प्राचीन संस्था श्री धर्माधा फंड कमेटी द्वारा किया जाता है। कमेटी द्वारा एक मोबाइल कंपनी का गोशाला की भूमि पर मोबाईल टावर लगवाया जा रहा था। बाउंड्री के निकट ही सरस्वती शिशु मंदिर स्कूल है। कालेज प्रबंधक बीएस.वर्मा तथा प्रिंसीपल पुष्कर सिंह व गिरिराज वार्ष्णेय ने बताया कि टावर लगने से होने वाले रेडीएशन से छात्रों को खतरा होगा। उधर, मोहल्ला मंडी हरदेव निवासी मुनीष कुमार, हरीओम लोधी, पवन प्रजापति, राजू राघव आदि ने मुख्यमंत्री व डीएम से अवैध रूप से लगाए जा रहे टावर को रुकवाने की मांग की। वहीं पूर्व चैयरमेन व श्री धर्मधा फंड कमेटी के अध्यक्ष रमेश प्रधान ने बताया कि गोशाला में टावर लगने का निर्णय कमेटी द्वारा लिया गया है। नगर में स्कूल के निकट व घनी आबादी में भी दर्जनों टावर लगी है। कमेटी प्रशासन का पूर्ण सहयोग करेगी। पेड़ काटने का आरोप निराधार बताया। वहीं एसडीएम संजय पांडेय ने बताया कि लोगों की शिकायत पर मौके का निरीक्षण किया। जांच होने तक निर्माण कार्य बंद करने के आदेश दिये है।