डाक विभाग ने जारी किए टोल फ्री नंबर
बुलंदशहर। डाक या बचत बैंक सेवाओं से जुड़ी शिकायतों के लिए अब लोगों को डाकघर में शिकायती पत्र देने के बाद चक्कर नहीं लगाने होंगे। डाक विभाग ने डाक या बचत बैंक से जुड़ी शिकायतों के लिए टोल फ्री नंबर जारी किया है। जिसपर शिकायत सुनने के साथ उसका निस्तारण किया जाएगा। सीएसआई के तहत कोर सिस्टम इंटीग्रेटर से जुड़ने के बाद डाक विभाग अपने ग्राहकों को नई सुविधाएं देने में लगा है। डाक विभाग में सिस्टम अपग्रेड के बाद जहां सभी कार्य आनलाइन होने लगे है। वहीं दूसरी ओर डाक विभाग ने अब टोल फ्री पर शिकायत सुनने के साथ निस्तारण करने की सुविधाएं देने जा रहा है। टोल फ्री नंबर पर डाक सेवाओं से जुड़ी शिकायतें मुख्यालय के अधिकारी सुनेंगे। इसके बाद उनका त्वरित निस्तारण करते हुए ग्राहक से फीडबैक लिया जाएगा। यह टोल फ्री नंबर डाकघर बंद होने या अवकाश के दिनों में भी कार्य करेंगे। डाक अधीक्षक केएस यादव ने बताया कि डाक से जुड़ी शिकायतों व जानकारी संबंधी सुविधाओं के लिए मुख्यालय ने दो टोल फ्री नंबर जारी किए है। टोल फ्री नंबर पर ग्राहकों की शिकायत सुनी जाएगी। बताया कि 1924 टोल फ्री नंबर पर ग्राहक सुबह नौ बजे से शाम छह बजे तक शिकायतें या जानकारी हासिल कर सकते हैं।