आधार और बैंक खाता नंबर में उलझी क्षय रोगियों की मदद
बुलंदशहर। टीबी के मरीजों को शासन ने हर माह पांच सौ रुपये आर्थिक मदद देने की योजना लागू की थी। इसके लिए मरीजों से आधार और बैंक एकाउंट नंबर विभाग को लेना था। विभाग मरीजों से आधार और अकाउंट नंबर ही नहीं जुटा पा रहा है। अब तक विभाग पचास फीसदी टीबी मरीजों का भी बैंक एकाउंट और आधार कार्ड नंबर फीड नहीं कर पाया है। जानकारी के अनुसार एक अप्रैल माह से टीबी के मरीजों को 500 रुपये प्रतिमाह की आर्थिक मदद मिलनी थी। इसके लिए मरीजों का आधार कार्ड और बैंक एकाउंट नंबर फीड किया जाना अनिवार्य है। विभाग ने इसके लिए फील्ड कर्मचारियों को भी दवा खिलाने के साथ ही बैंक एकाउंट और आधार कार्ड नंबर लेने का निर्देश दिया था, इसके बाद भी अब तक पचास फीसदी ही मरीजों का डाटा एकत्र किया जा सका है। जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. एमके गुप्ता ने बताया कि मरीजों को आर्थिक मदद देने के लिए कर्मचारियों को निर्देश दिए गए हैं। मरीजों को शत-प्रतिशत आर्थिक मदद दी जाएगी। आधार कार्य जुड़वाने का कार्य जल्द पूरा कर लिया जाएगा।