सरकारी अस्पतालों में एंटी रैबीज वैक्सीन खत्म
बुलंदशहर। जनपद के सरकारी अस्पतालों में एंटी रैबीज वैक्सीन खत्म हो गई है, ऐसे में अगर कुत्ता या बंदर काट ले तो वैक्सीन लगवाने के लिए निजी अस्पताल में मोटी रकम खर्च करनी वहीं जिला अस्पताल में बृहस्पतिवार को दर्जनों लोग अस्पताल आकर बैरंग लौटे। अफसरों का मानना है कि अभी एंटी रैबीज का वैक्सीन उपलब्ध होने में पांच से छह दिन का समय लग सकता है।
जिला अस्पताल समेत जिलेभर के सरकारी अस्पतालों में रोजाना कुत्ते काटे के सैकड़ों मरीज आ रहे हैं। सीएचसी-पीएचसी पर एंटी रैबीज का वैक्सीन नहीं लग पाने पर मरीजों को जिला अस्पताल आना पड़ रहा था। जबकि जिला अस्पताल में कंपनी से एंटी रैबीज का वैक्सीन की सप्लाई नहीं होने के कारण स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है। बृहस्पतिवार को दर्जनों मरीज अस्पताल से निराश होकर लौटे। प्रभारी सीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र कुमार ने बताया कि जिले के कुछ सीएचसी पर एंटी रैबीज के वैक्सीन लगाए जा रहे है। एंटी रैबीज वैक्सीन की सप्लाई कंपनी से ही नहीं आ रही है। उच्चाधिकारियों को इस बाबत पत्र लिखकर अवगत करा दिया गया है। उम्मीद है कि जल्द ही कंपनी द्वारा सप्लाई शुरू कर दी जाएगी।