पुलिस का खेल, एक नंबर के दो वाहनों को पकड़ने के बाद छोड़ा
शिकारपुर । शिकारपुर कोतवाली पुलिस ने एक ही नंबर पर चल रहे दो वाहनों को पकड़ कर दो दिन कोतवाली में रखने के बाद छोड़ दिया। पुलिस का यह कारनामा नगर में चर्चा का विषय बना हुआ है। वहीं कोतवाली के अधिकारी मामले में अलग-अलग ब्यान दे रहे हैं।
कोतवाली पुलिस ने 5-6 दिन पूर्व एक ही नंबर पर चल रहे दूध के दो टैंकरों को पकड़ा था। दोनों टैंकरों पर यूपी13 एटी 7176 नंबर लिखा हुआ था। पुलिस ने दोनों टैंकरों को दो दिन कोतवाली में खड़ा कर रखा था, लेकिन बाद में दोनों को छोड़ दिया। इसको लेकर नगर में पुलिस द्वारा मोटी रकम का लेकर टैंकरों को छोड़ने की चर्चा है। वहीं कोतवाली पुलिस टैंकर का चालान काटने के बाद छोड़ने की बात कह रही है। लोगों का कहना है कि पुलिस को टैंकर का एमवी एक्ट में चालान ही करना था तो टैंकरों को दो दिन तक कोतवाली में क्यों खड़ा कर रखा। एसएसआई कोतवाली शिकारपुर चंद्रसेन ने बताया कि टैंकर का एमवी एक्ट के तहत चालान कर छोड़ दिया गया। कोतवाली निरीक्षक अशोक कुमार ने कहा कि टैंकरों के पकड़ने, चालान करने या छोड़ने के संबंध में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। एसपी देहात रईस अख्तर ने कहा कि वह मामले की जानकारी करेंगे। यदि मामले मेें कुछ गलत हुआ है तो कार्रवाई की जाएगी।