गंगा में न डाला जाए एसटीपी से निकला पानी : सत्यपाल सिंह
- केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण राज्य मंत्री ने गांधी घाट का किया दौरा
अमर उजाला ब्यूरो
नरौरा। केंद्रीय जल संसाधन, नदी विकास एवं गंगा संरक्षण राज्य मंत्री सत्यपाल सिंह ने नगर में जल निगम द्वारा बनाए गए एसटीपी व नमामि गंगे के तहत शनिवार को गांधी घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का निरीक्षण किया। इस दौरान राज्यमंत्री ने संबंधित अधिकारियों से जानकारी लेने के साथ ही उन्हें आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
नगर पंचायत चेयरमैन विवेक वशिष्ठ ने नगर में कई स्थानों पर सीवर लाइन नहीं पड़ने व एसटीपी से निष्काषित पानी को गंगा नदी में डाले जाने की योजना से लोगों की भावनाएं आहत होने की बात कही। इस पर राज्यमंत्री ने निर्देशित किया कि डिस्चार्ज पानी का खेतों की सिंचाई में उपयोग किया जाए। यह पानी गंगा नदी में न डाला जाए। केंद्रीय राज्यमंत्री ने जल निगम गाजियाबाद के जीएम केएम यादव को एसटीपी से डिस्चार्ज पानी को नहर में पहुंचाने के लिए प्रस्ताव बनाकर धन आवंटित कराने के निर्देश दिए।
नमामि गंगे के तहत गांधी घाट के सौंदर्यीकरण कार्य का भी उन्होंने जायजा लिया। उन्होंने घाट के कार्य को नवंबर तक पूरा कराने के निर्देश दिए। घाट पर बन रहे महिलाओं के कपड़ा बदलने के स्थान के अंदर ही महिला शौचालय बनाने एवं इसके पानी की निकासी सीवर लाइन में दिए जाने के निर्देश दिए। केंद्रीय राज्यमंत्री का विधायक अनीता राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्त्तल, चयेरमैन विवेक वशिष्ठ, भाजपा नेता नवाब सिंह राजपूत ने स्वागत किया। इस मौके पर एसडीएम संजय पांडेय, सीओ राघवेंद्र मिश्रा, भाजपा नेता एनएस राजपूत, चेयरमैन विवेक वशिष्ठ, अनार सिंह राजपूत, अनिल वार्ष्णेय, बीबी सिंह राजा गुप्ता आदि मौजूद रहे।