22 सफाई कर्मचारियों पर लटकी निलंबन की तलवार
बुलंदशहर। जिले के 22 ग्रामीण सफाई कर्मचारियों पर निलंबन की तलवार लटक गई है। शिकायत मिलने पर डीपीआरओ ने ग्राम प्रधानों से रिपोर्ट मांगने के साथ सफाई कर्मचारियों के खिलाफ जांच बैठा दी है। यह निर्णय ग्रामीणों द्वारा गांव में सफाई और नियमित ड्यूटी न करने की शिकायत मिलने पर लिया गया है।
जिले में 951 ग्राम पंचायत और 1176 राजस्व गांव हैं। जिले में करीब 1250 ग्रामीण सफाई कर्मचारियों के सापेक्ष 1075 सफाई कर्मचारी तैनात हैं। ग्रामीण सफाई कर्मचारी जिला पंचायत राज विभाग के अधीन गांव में ड्यूटी कर साफ-सफाई आदि का काम करते हैं। समय-समय पर सफाई कर्मचारियों की शिकायत भी मिलती रहती है और जांच के बाद कार्रवाई भी होती रहती हैं। बावजूद इसके अधिकतर सफाई कर्मचारी अपनी ड्यूटी को लेकर संजीदा नहीं होते और गांव में नहीं पहुंचते हैं। ऐसे में गांवों में साफ-सफाई की व्यवस्था भी चरमरा जाती है। बताया गया कि इस समय 40 से अधिक ऐसे लापरवाह सफाई कर्मचारी निलंबित भी चल रहे हैं। अब इसी माह अब तक 22 गांवों के ग्रामीणों की शिकायत मिली हैं कि सफाई कर्मचारी गांव में साफ-सफाई नहीं कर रहे और नियमित ड्यूटी भी नहीं कर रहे। इस पर डीपीआरओ ने इन सभी सफाई कर्मचारियों के खिलाफ जांच बैठा दी है, जिससे उन पर निलंबन की तलवार लटक रही है। जिला पंचायत राज अधिकारी अमरजीत सिंह ने बताया कि 22 गांव के ग्रामीणों की शिकायत मिलने पर सफाई कर्मचारियों के खिलाफ जांच बैठा दी गई है। जांच अधिकारियों से मिलने वाली रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। शिकायत सही पाए जाने पर निलंबन की कार्रवाई की जाएगी।