भाजपा के तीन विधायक मंत्री पद की होड़ में शामिल
बुलंदशहर। संगठन में फेरबदल होने पर जिले के किसी विधायक को मंत्री बनाया जा सकता है। राजनीतिक सूत्रों ने दावा किया है कि जिले के तीन विधायक मंत्री पद की दौड़ में शामिल हैं। यदि जिले के किसी विधायक को मंत्री बनाया गया तो जिले के विकास को पंख लग सकते हैं।
प्रदेश के मंत्री मंडल में 15 जून के बाद बदलाव की संभावना जताई जा रही है। ऐसे में जिले के विधायक भी मंत्री बनने के लिए पुरजोर कोशिश कर रहे हैं। यूं तो सातों विधायक मंत्री पद मिलने की इच्छा जता रहे हैं, लेकिन सूत्रों ने दावा किया है कि तीन विधायक ऐसे हैं जिनका नाम शासन स्तर पर मंत्री पद के लिए चल रहा है। दावा किया जा रहा है कि हाल ही में हुए कैराना उपचुनाव की हार पर यदि गन्ना मंत्री पर गाज गिरती है तो जिले के एक ठाकुर विधायक को मंत्री बनाने की संभावना प्रबल हो जाएगी। इसके अलावा एक पूर्व मंत्री को भी मंत्री बनाए जाने की संभावना सबसे अधिक है। भाजपा जिलाध्यक्ष हिमांशु मित्तल ने बताया कि इस संबंध में अधिक कुछ नहीं कहा जा सकता है। संगठन द्वारा ही मंत्री पद के नाम घोषित किए जाएंगे।