लाखों से बनी सड़क दो दिन बाद ही उखड़ना शुरू
- व्यापार मंडल की शिकायत पर विधायक ने मंडी सचिव को दिए निर्देश
- जहांगीराबाद मंडी में चल रहे ढ़ाई करोड़ के काम
अमर उजाला ब्यूरो
जहांगीराबाद। सरकारी धन का कैसे दुरुपयोग होता है। अगर इसकी बानगी देखनी हो तो जहांगीराबाद मंडी में देखा जा सकता है। मंडी में लाखों रुपये से बनी सड़क दो दिन बाद ही उखड़ना शुरू हो गई है। लगभग ढाई करोड़ की लागत से यहां विकास कार्य हो रहे हैं, मंडी के व्यापारियों ने सड़क की गुणवत्ता पर सवाल उठाते हुए इसकी शिकायत विधायक संजय शर्मा से की थी।
मंडी व्यापार मंडल अध्यक्ष जयप्रकाश गर्ग व रामकिशोर बंसल आदि ने बताया कि लाखों रूपऐ से विभाग ने जिस सड़क का निर्माण किया है, वह मात्र दो दिन बाद ही उखड़ने लगी। व्यापारियों का आरोप है कि विधायक के निरीक्षण के बाद ठेकेदार ने उखड़ी सड़क पर सीमेंट का मामूली घोल कराकर अपने कार्य की इतिश्री कर ली है। इस बाबत मंडी समिति सभापति व एसडीएम सदानन्द गुप्ता का कहना है कि मंडी में सभी कार्य मानक के अनुरूप किए जाएंगे। विधायक के निर्देश पर सचिव स्तर से ठेकेदार व आला अधिकारियों को पत्र लिखा जा रहा है।
वहीं विधायक का कहना है कि मंडी में गेंहू क्रय केंद्रों के औचक निरीक्षण के दौरान कुछ व्यापारियों ने उनसे इस सड़क की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाए थे। व्यापारियों की शिकायत पर मंडी सचिव को कार्यवाही कराने के निर्देश दिए गए है।