ऑपरेशन की है दरकार... तो भूल जाइये जिला अस्पताल का द्वार
- अस्पताल में एक मात्र सर्जन का शासन ने किया तबादला
- नए सर्जन की तैनाती के लिए नहीं जारी किए कोई आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिला अस्पताल में चिकित्सा सेवाएं रामभरोसे चल रही हैं। चिकित्सकों व स्टाफ की कमी से अस्पताल पहले ही जूझ रहा था अब शासन के एक आदेश ने रही सही कसर भी पूरी कर दी है। अस्पताल में तैनात एक मात्र सर्जन का शासन ने तबादला कर दिया है साथ ही नए सर्जन की तैनाती के लिए कोई भी आदेश अभी तक जारी नहीं किए हैं। जिससे मरीजों को आने वाले समय में निजी अस्पतालों की ओर रुख करना पड़ेगा।
जिला अस्पताल में अभी तक प्रतिदिन विभिन्न समस्याओं के करीब 20 मरीज ऑपरेशन के लिए आते हैं। अभी तक अस्पताल में ऑपरेशन के लिए एक मात्र सर्जन डॉ. फूल कुमार तैनात थे। अब इनका तबादला भी शासन ने मेरठ कर दिया है। जिससे अब अस्पताल में कोई भी सर्जन चिकित्सक की तैनाती नहीं है। इसके अलावा शासन ने अन्य सर्जन चिकित्सक की तैनाती के लिए भी कोई आदेश जारी नहीं किए हैं। अब मरीजों को ऑपरेशन कराने के लिए हापुड़, मेरठ तक की दौड़ लगानी पड़ सकती है या फिर मोटी रकम खर्च कर निजी अस्पताल में ऑपरेशन कराने जाना पड़ सकता है। सीएमएस डॉ. रामवीर सिंह ने बताया कि शासन के आदेश का पालन किया जाएगा। साथ ही शासन को रिक्त चिकित्सकों की कमी को लेकर अवगत कराया जाएगा, जिससे चिकित्सकों की तैनाती हो सके और मरीजों को समय से लाभ दिया जा सके।
पहले से ही चिकित्सकों का अभाव
जिला अस्पताल में पहले से ही चिकित्सकों की कमी के चलते मरीजों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। जिला अस्पताल में फिजीशियन, कार्डियोलॉजिस्ट, पैथोलॉजिस्ट का पद पिछले कई वर्षों से रिक्त चल रहा है। अब सर्जन का तबादला होने से मरीजों को दर-दर भटकना पड़ेगा।