ग्राम पंचायत सचिवों ने खड़े किए हाथ, कलमबंद हड़ताल शुरू
- विकास भवन में शुरू की अनिश्चितकालीन हड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर।
शैक्षणिक योग्यता इंटर से बढ़ाकर स्नातक करने, सीसीसी के स्थान पर ओ-लेवल डिप्लोमा और ग्रेड वेतनमान 2800 रुपये करने सहित अन्य मांगों के समर्थन में ग्राम पंचायत सचिवों ने बुधवार से कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। ग्राम पंचायत अधिकारी-ग्राम विकास अधिकारी समन्वयक समिति उप्र के आह्वान पर शुरू हुई हड़ताल में शामिल सचिवों ने चेतावनी दी है कि मांगें पूरी होने तक हड़ताल जारी रहेगी।
मांगों के समर्थन में ग्राम पंचायत सचिवों की कलमबंद अनिश्चितकालीन हड़ताल की अध्यक्षता एडीओ गुलावठी अजय कुमार मलिक ने की। हड़ताल को डीपीआरओ अमरजीत सिंह, जिला विकास अधिकारी आशुतोष दुबे और परियोजना निदेशक सर्वेश चंद ने भी समर्थन दिया। कार्यकारी अध्यक्ष सत्यपाल सिंह ने बताया कि अगर मांगें जल्द पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन तेज किया जाएगा। समन्वय समिति के अध्यक्ष राकेश त्यागी ने बताया कि प्रांतीय नेतृत्व के निर्देश पर सभी 16 ब्लाकों में पूर्ण रूप से कलमबंद हड़ताल जारी रहेगी। इसके चलते ग्राम सचिवों द्वारा तालाब जीर्णोद्धार, जन्म-मृत्यु प्रमाणपत्र और नाला खुदाई आदि के चल रहे काम भी बंद कर दिए हैं। हड़ताल का संचालन अनिरुद्ध कुमार ने किया। इस दौरान जयदेव गिरी, सुरेंद्र भाटी, हरीश कुमार, रामकुमार शर्मा, प्रेम कुमार, राजकुमार शर्मा, लोकेश कुमार और केशवदेव आदि शामिल रहे।