बिना टेंडर अफसरों ने खरीदे लैपटॉप व प्रिंटर
- पावर कॉरपोरेशन के नव सृजित खंड पांच का मामला
- निर्धारित कीमत से अधिक दर पर खरीदने की चर्चा
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। पावर कॉरपोरेशन के अफसरों का नया घपला सामने आया है। अफसरों ने बिना टेंडर निकाले ही विभाग के कार्य के लिए दस कंप्यूटर व लैपटॉप खरीद लिए। वहीं सूत्रों के अनुसार लैपटॉप व प्रिंटर निर्धारित कीमत से अधिक दर पर खरीदे गए हैं। वहीं अधिकारी अब मामले की जांच की बात कह रहे हैं।
पावर कॉरपोरेशन में भ्रष्टाचार की जड़ें इतनी मजबूत हो चुकी हैं कि आए दिन कोई न कोई मामला सामने आता रहता है। सख्त कार्रवाई के बावजूद भी कम होता नहीं दिख रहा है। निगम के अफसर व कर्मचारी नित नए कार्यों को लेकर चर्चाओं में रहते हैं। अब विभाग के नव सृजित खंड के अफसर ने कर्मचारियों के साथ मिलकर बिना किसी टेंडर प्रक्रिया के 10 लैपटॉप व 10 प्रिंटर खरीद लिए। हालांकि ये संसाधन विभाग द्वारा ही उपलब्ध कराए जाते हैं। इसके लिए एमडी को पत्र लिखकर मांग की जाती है, लेकिन साहब ने नियमों को ताक पर रखकर अवैध रूप से कंप्यूटर व प्रिंटर खरीद लिए। सूत्रों ने दावा किया है कि दोनों ही निर्धारित कीमत से अधिक दर पर खरीदे गए हैं। जिससे विभाग को काफी नुकसान हुआ है। पावर कॉरपोरेशन चीफ इंजीनियर आरपीएस तोमर ने बताया कि मामला मेरी जानकारी में नहीं है। यदि ऐसा है तो इसकी जांच कराकर कार्रवाई की जाएगी।