अब पोषण मेले से कुपोषण मुक्त होगा जिला
- मिशन पोषण के तहत 11 से 15 जून तक जिले में लगेंगे पोषण मेले
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अब जिला कुपोषण से मुक्त होगा। इसके लिए जिला प्रशासन ने नई पहल शुरू कर दी है। मिशन पोषण के तहत जिला प्रशासन 11 से 15 जून तक जिले में मेले लगवाने का निर्णय लिया है।
जिले में 10 हजार बच्चे कुपोषण की लाल श्रेणी में और 30 हजार से अधिक बच्चे पीली श्रेणी में शामिल हैं। इन बच्चों को कुपोषण से निजात दिलाने के लिए केंद्र सरकार से मिलने वाला पोषाहार पिछले कई माह से इन्हें नहीं मिल रहा। इसके चलते जिले को कुपोषण से मुक्त करने में परेशानी हो रही थी। मगर, अब जिला प्रशासन ने मिशन पोषण के तहत जिले में पोषण मेले लगाकर जिले को कुपोषण से निजात दिलाने की पहल शुरू की है। जिले में 11 से 15 जून तक पोषण मेले लगाने के लिए तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। इसके साथ ही कुपोषण से जिले को निजात दिलाने के लिए कई और अन्य महत्वपूर्ण कार्य किए जाएंगे। मुख्य विकास अधिकारी ईशा दुहन ने बताया कि जिले को कुपोषण से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। इसके लिए जिले में 11 से 15 जून तक पोषण मेले लगाए जाएंगे।
गांव-गांव में बनेगी पोषण वाटिका
जिले को कुपोषण से निजात दिलाने के लिए जहां पोषण मेले लगाए जाएंगे, वहीं गांव-गांव में पोषण वाटिका बनाई जाएंगी। कुपोषित बच्चों को दिए लाने वाले खाने का चार्ट बनाकर उनके अभिभावकों को वितरित किया जाएगा, ताकि वह उसी के अनुसार उन्हें खाना दे सकें। इसके साथ ही महिलाओं को जागरूक करने के लिए अभियान चलाया जाएगा। हर माह की 15 तारीख को गांवों में विशेष कार्यक्रम होंगे। इतना ही नहीं अधिकारी गांव गोद लेकर उसे कुपोषण से मुक्त करेंगे।
यह काम भी होगा
कुपोषण से निजात दिलाने के लिए जिला प्रशासन ने कमर कस ली है। साथ ही जिले में यह भी पता लगाया जाएगा कि जिस परिवार में बच्चा कुपोषण से पीड़ित है। उस परिवार में शौचालय है या नहीं। यदि शौचालय नहीं है तो उस घर में शौचालय भी बनवाया जाएगा, ताकि परिवार का कोई सदस्य खुले में शौच न करें।