भूतल पर बनेंगे दिव्यांगों के यूडी आईडी कार्ड
बुलंदशहर। सीएमओ कार्यालय के द्वितीय तल पर दिव्यांगों के यूडीआईडी कार्ड बनने से हो रही परेशानी पर अफसरों की नींद टूटी है। अमर उजाला में खबर छपने के बाद डीएम ने भूतल पर यूडी आईडी कार्ड (यूनिक डिसेबिल्ड आइडेंटिटी कार्ड) बनाने के निर्देश दिए हैं।
शासन ने सार्वजनिक स्थानों पर दिव्यांगों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए थे। निर्देशों के तहत दिव्यांगों के यूडीआईडी कार्ड बनाने की प्रक्रिया चल रही थी। अफसरों ने इसके लिए द्वितीय तल पर दफ्तर बनवाया था, लेकिन दिव्यांगों के चढ़ने के लिए कोई रास्ता न होने के चलते उन्हें काफी परेशानी झेलनी पड़ रही थी। दिव्यांगो की समस्याओं को अमर उजाला ने बुधवार के अंक में यूडी आईडी कार्ड के लिए दिव्यांगों को सीढ़िय़ा चढ़ा रहे शीर्षक से प्रमुखता से प्रकाशित की थी। अमर उजाला की खबर को डीएम ने संज्ञान में लेकर सीएमओ को सख्त निर्देश जारी कर भूतल पर दिव्यांगों के यूडी आईडी कार्ड बनाने के निर्देश दिए। डीएम की फटकार के बाद सीएमओ कार्यालय में भूतल पर दिव्यांगों के लिए यूडी आईडी कार्ड बनाने का कार्य शुरू कर दिया गया।
दिव्यांगों ने की अमर उजाला की सराहना
दिव्यांग जलाउदीन, श्रीचंद एवं संदीप ने बताया कि यूडी आईडी कार्ड बनवाने के लिए सीएमओ कार्यालय के द्वितीय तल पर करीब 20 सीढ़ी चढ़कर जाना पड़ा था। कोई सहारा न होने की वजह से परेशानियों का सामना करना पड़ा, ऐसा अन्य दिव्यांगो के साथ भी हो रहा था। अब भूतल पर यूडी आईडी कार्ड बनाए जाने पर किसी दिव्यांग को सीढ़ी चढ़कर नहीं जाना पड़ेगा।
दिव्यांगों की समस्या को देखते हुए भूतल पर दफ्तर बनवाया गया है। दिव्यांगों को किसी भी प्रकार की परेशानी नहीं होने दी जाएगी। - डॉ. केएन तिवारी, सीएमओ