मासूम को बचाते हुए डूबा युवक, तलाश जारी
अहार। थाना क्षेत्र स्थित अवंतिका देवी गंगा घाट पर बृहस्पतिवार को ज्येष्ठ गंगा दशहरा के अवसर पर मेला लगा हुआ है। दोपहर को एक मासूम गंगा में स्नान के दौरान डूबने लगा तो चार दोस्तों ने उसे मिलकर बचा लिया। लेकिन, बचाने वाला एक युवक गंगा में डूब गया। गोताखोरों संग पुलिस ने युवक की तलाश की लेकिन कोई सफलता नहीं मिली।
औरंगाबाद के मोहल्ला सर्राफा निवासी नितिन सोनी पुत्र राम कुमार सोनी अपने तीन अन्य दोस्त सुबोध शर्मा, धर्मेंद्र त्यागी व धर्मवीर त्यागी के साथ बृहस्पतिवार को गंगा स्नान के लिए अवंतिका देवी गंगा घाट पर गया था। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि चारों युवक गंगा स्नान की तैयारी कर रहे थे। इसी दौरान एक पांच वर्षीय बालक गंगा में डूबने लगा, उसके परिवार के लोग चीखने चिल्लाने लगे। उक्त लोगों को चीखते देख चारों युवक गंगा में डूब रहे बालक को बचाने के लिए कूद पड़े। चारों ने बालक को तो बचा लिया, लेकिन नितिन सोनी गहरे जल में जाने पर डूबने लगा। जब तक उसके साथी कुछ समझ पाते तब तक वह जल में लीन हो चुका था। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने गोताखोरों को बुला कर युवक की तलाश की। लेकिन, युवक नहीं मिल सका। सूचना मिलने पर उसके परिजन भी मौके पर पहुंच गए। परिजनों व दोस्तों का रो-रो कर बुरा हाल है। एसओ तेज सिंह ने बताया कि युवक की तलाश जारी है। जल्द ही उसे निकाल लिया जाएगा।
गंगा स्नान के दौरान डूबे युवक को बचाया
अनूपशहर। ज्येष्ठ गंगा दशहरा के अवसर पर अनूपशहर स्थित नया गंगा घाट पर अलीगढ़ ़निवासी युवक अनिल पुत्र रमेश भी गंगा स्नान के लिए आया हुआ था। बताया गया कि दोपहर करीब 12 बजे वह स्नान करते समय गहरे जल में चला गया और डूबने लगा। इस दौरान लोगों के शोर मचाने पर घाट पर मौजूद पीएसी की के जवानों ने गंगा में छलांग लगा दी और डूब रहे अनिल को बचा लिया।