हो सकता है बड़ा हादसा, बिना अग्निशमन यंत्र के चल रहे एटीएम
बुलंदशहर। जिले में विभिन्न बैंकों के एटीएम में रखा धन सुरक्षित नहीं है। अधिकांश एटीएम में सुरक्षा के लिए गार्ड भी तैनात नहीं हैं, साथ ही जबकि एटीएम बूथों पर आग से निपटने के लिए भी कोई ठोस इंतजाम नहीं है।
उन्नाव के शुक्लागंज में पंजाब एंड सिंध बैंक के एटीएम में सोमवार को आग लग गई थी। घटना के समय एटीएम बूथ के भीतर कोई नहीं था, नहीं तो हादसा और बड़ा हो सकता था। उन्नाव के एटीएम बूथ में लगी आग की इस घटना से जिले के बैंक संचालकों ने कोई सीख नहीं ली। बैंकों ने सिर्फ एटीएम की सुरक्षा सीसीटीवी के भरोसे छोड़ रखी है जो कि सिर्फ कैश को चोरी होने से बचाने के लिए है। आग लगने या फिर किसी और घटना को रोकने के लिए एटीएम में कोई व्यवस्था नहीं है। जिले के अधिकांश एटीएम ऐसे भी है, जहां सुरक्षाकर्मियों की भी तैनाती नहीं है। करोड़ों रुपये की सुरक्षा सिर्फ सीसीटीवी के भरोसे चल रही है। स्थिति यह है कि एटीएम पर आग लगने के दौरान पर उससे निपटने के लिए कोई इंतजाम नहीं है। नगर के एटीएम में सिर्फ एसबीआई और पीएनबी के मुख्य शाखा के एटीएम को छोड़ अन्य एटीएम की सुरक्षा राम भरोसे चल रही है। जबकि जिले में 27 बैंकों के कुल 207 एटीएम संचालित हैं। मुख्य अग्रणी बैंक प्रबंधक, बुलंदशहर सतपाल मेहता का कहना है कि जिले में लगे अधिकांश एटीएम में सुरक्षाकर्मी के साथ अग्निशमन यंत्र मौजूद है। शेष एटीएम में आग से निपटने के जल्द ही संसाधन उपलब्ध कराने के साथ सुरक्षाकर्मी तैनात करने के लिए उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाएगा।
अनिवार्य होता है अग्निशमन यंत्र
शॉर्ट सर्किट से लगने वाली आग से निपटने के लिए कार्बन डाइऑक्साइड के सिलिंडर का होना जरूरी है। लेकिन जिले के अधिकांश एटीएम में अग्निशमन का यह सिलिंडर मौजूद ही नहीं हैं। कुछ एटीएम में सीज फायर के बंदोबस्त हैं तो वहां इसे चलाने की ट्रेनिंग कर्मचारी (सुरक्षा गार्ड) को नहीं दी गई है।
जिले में लगे बैंकों के एटीएम और संख्या
बैंक एटीएम
पीएनबी 62
एसबीआई 33
ओरियंटल बैंक ऑफ कामर्स 16
बैंक आफ बड़ौदा 14
केनरा बैंक 11
सिंडिकेट बैंक 11
कारपोरेशन बैंक 09
एचडीएफसी बैंक 09
एक्सिस बैंक 08
इंडियन ओवरसीज बैंक 05
यूनियन बैंक ऑफ इंडिया 05
डिस्ट्रिक कॉरपोरेट बैंक 04
बैंक आफ इंडिया 03
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया 03
इंडियन बैंक 03
विजया बैंक 03
इलाहाबाद 02
पंजाब एंड सिंध बैंक 02
आईसीआईसीआई 02
इनके अलावा आंधा बैंक, बैंक ऑफ महाराष्ट्रा, देना बैंक, यूको बैंक, यूनाइटेड बैंक ऑफ इंडिया, आईडीबीआई बैंक, नैनीताल बैंक और बंधन बैंक के भी एक-एक एटीएम जिले में लगाए गए हैं।