छह महीने में भी किसान को नहीं मिला ट्यूबवेल कनेक्शन, अफसरों को फटकार
- नोडल अफसर ने लापरवाह अफसरों पर कार्रवाई के दिए आदेश
- छह माह से ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए भटक रहा है किसान
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। जिला पंचायत सभागार में शुक्रवार को नोडल अधिकारी व अपर मुख्य सचिव होमगार्ड कुमार कमलेश ने जिले अफसरों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की। बैठक में एक किसान को आवेदन के छह माह बाद भी ट्यूबवेल कनेक्शन न दिए जाने पर नोडल अधिकारी ने अफसरों को फटकार लगाई। साथ ही एडीएम को मामले में जांच कर रिपोर्ट सौंपने के आदेश दिए हैं।
हर घर को रोशन करने के लिए लोगों को बिजली कनेक्शन देने के लिए शासन ने आधा दर्जन योजनाएं संचालित की हुई हैं। योजनाओं के संचालन के बाद भी लोगों को समय से बिजली कनेक्शन नहीं मिल पा रहा है। शुक्रवार को जिला पंचायत सभागार में अफसरों के साथ विकास कार्यों की समीक्षा के दौरान एक शिकायत पर नोडल अधिकारी बिफर पड़े। शिकायत के दौरान पाया गया कि शिकारपुर क्षेत्र के गांव चिट्टा मुकीमपुर निवासी किसान जयसिंह ने छह माह पूर्व ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन किया था। इसके बाद भी जेई ने अभी तक किसान को कनेक्शन जारी नहीं किया। नोडल अधिकारी ने अफसरों को फटकार लगाते हुए मामले में जांच के लिए एडीएम को निर्देशित किया। नोडल अधिकारी ने एडीएम को आदेश दिए कि पूरे प्रकरण में गंभीरता से जांच करते हुए एक्सईएन, एसडीओ व जेई में से जो भी दोषी मिले उसे निलंबित किया जाए। इसके अलावा बैठक में अवैध रिफिलिंग, गेहूं खरीद, विकास कार्य, शौचालय निर्माण समेत स्वास्थ्य विभाग, बिजली, सिंचाई, जल निगम, नगर पालिका समेत अन्य विभागों की योजनाओं की समीक्षा की। बैठक में डीएम अनुज कुमार झा, एडीएम वित्त ब्रजेश कुमार, एडीएम प्रशासन अरविंद मिश्र, एसपी सिटी, एसपी देहात समेत अन्य अफसर मौजूद रहे।
वन चेतना केंद्र का भी किया निरीक्षण
नोडल अधिकारी कुमार कमलेश ने वलीपुरा नहर के पास बीडीए द्वारा बनाए जा रहे वन चेतना केंद्र का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम अनुज कुमार झा ने बताया कि वलीपुरा संरक्षित क्षेत्र में 1.5 किमी लंबी तथा 50 मीटर चौड़ी पटरी विकसित की जा रही है। इस पर बीडीए द्वारा 23 लाख की धनराशि खर्च की जाएगी। चेतना केंद्र पर बच्चों के लिए मोटरबोट, झूला, फव्वारा, चिड़ियाघर, मिनी बॉटनीकल गार्डन, नेचर ट्रेल, लॉन का निर्माण किया जा रहा है।
केएमसी गेट पर पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के आदेश
बुलंदशहर। जिले के नोडल अधिकारी एवं अपर मुख्य सचिव कुमार कमलेश ने शुक्रवार को कस्तूरबा महिला चिकित्सालय का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अपर मुख्य सचिव ने सीएमएस को अस्पताल के गेट पर पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के निर्देश दिए। साथ ही प्रसूताओं को दी जा रही सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। इस दौरान डीएम अनुज कुमार झा, एडीएम प्रशासन अरविंद कुमार मिश्र, एडीएम वित्त ब्रजेश कुमार, प्रभारी सीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र, सीएमएस डॉ. बीना रानी एवं क्वालिटी मैनेजर डॉ. अंजलि के अलावा अन्य प्रशासनिक एवं स्वास्थ्य अधिकारी मौजूद रहे।
काफी देर तक अस्पताल के गेट पर रहे खड़े
सीएम योगी आदित्यनाथ के जनपद आगमन के दिन जिला महिला अस्पताल के इमरजेंसी गेट पर ताला लगा हुआ था और सुरक्षाकर्मी गायब था। शासन द्वारा मामले को संज्ञान में लेने पर अपर मुख्य सचिव ने इमरजेंसी गेट पर काफी देर तक खड़े रहे। इस दौरान अस्पताल के गेट पर तैनात कर्मचारी से वार्ता की और अस्पताल प्रशासन को डिलीवरी के लिए आने वाली प्रसूताओं को समय से सुविधा उपलब्ध कराने के लिए अस्पताल के गेट पर एक पैरामेडिकल स्टाफ की तैनाती के निर्देश दिए है। पैरामेडिकल स्टाफ डिलीवरी के लिए आने वाली प्रसूता को संबंधित चिकित्सक तक पहुंचाएगा।
24 घंटे खुलेगा आशा ज्योति केंद्र
जिले के नोडल अधिकारी ने महिला अस्पताल परिसर में स्थित आशा ज्योति केंद्र का निरीक्षण कर पंजीकृत प्रकरणों की जानकारी हासिल की। साथ ही आशा ज्योति केंद्र को 24 घंटे खुला रखने के जिला प्रोबेशन अधिकारी को निर्देश दिए और एडीएम प्रशासन को रात्रि के समय केंद्र का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए। बताया कि मई माह में 13 पीड़ित महिलाओं के मामले दर्ज करने के साथ न्याय दिलाया गया है।