करोड़ों की बिल्डिंग का गिरने लगा प्लास्टर, घपले की आशंका
- छत से गिर रहे प्लास्टर से घटिया सामग्री लगने की आशंका
- अफसर बोले जांच कर की जाएगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत जिला अस्पताल में करीब एक करोड़ की लागत से बनाया गया ट्रामा विंग का प्लास्टर छूटने लगा है। जिससे विंग निर्माण में घटिया सामग्री के प्रयोग की आशंका जताई जा रही है। वहीं अफसर मामले से अंजान बने हुए हैं।
जिला अस्पताल में राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन योजना के तहत 97.19 लाख रुपये की धनराशि से ट्रामा विंग का निर्माण कराया गया था। ट्रामा विंग का निर्माण यूपी प्रोजेक्ट्स कारपोरेशन लिमिटेड गाजियाबाद की कार्यदायी संस्था द्वारा किया गया था। ट्रामा विंग 2016 में बनकर तैयार हुआ था और 2017 से मरीजों के लिए शुरू कर दिया गया था। लेकिन इसके द्वितीय तल की छत का प्लास्टर शुक्रवार को टूटकर गिरने लगा। जिससे विंग में मौजूद मरीजों में अफरा तफरी मच गई। करोड़ों की बिल्डिंग के प्लास्टर के इस कदर छूटने से विंग में घटिया सामग्री के इस्तेमाल की आशंका जताई जा रही है। जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रामवीर सिंह ने बताया कि ट्रामा विंग की देखरेख का कार्य सीएमओ द्वारा किया जा रहा है। उधर, प्रभारी सीएमओ डॉ. सुष्पेंद्र ने बताया कि मामला संज्ञान में नहीं है। मामले की जांच की जाएगी।