परीक्षा में 38 शिक्षक नहीं हुए शामिल
- आवेदन करने वाले 123 के सापेक्ष 85 शिक्षक ही परीक्षा में हुए शामिल
- परीक्षा देने वाले शिक्षकों का 16 मई को होगा साक्षात्कार, 17 को घोषित होगा परिणाम
- जिले में 96 अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में होनी है अंग्रेजी में दक्ष 480 शिक्षकों की तैनाती
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। परिषदीय स्कूलों में अंग्रेजी में दक्ष शिक्षकों को तैनात करने की डगर कठिन होती दिखाई दे रही है। शुक्रवार को डायट परिसर में आवेदन करने वाले 123 के सापेक्ष 85 शिक्षक ही परीक्षा में शामिल हुए, जबकि 38 शिक्षक परीक्षा देने नहीं पहुंचे। जिले में चयनित 96 अंग्रेजी माध्यम के स्कूलों में 480 शिक्षकों की तैनाती होनी है।
इस बार शासन ने निजी स्कूलों की तर्ज पर परिषदीय स्कूलों में बच्चों को अंग्रेजी माध्यम से शिक्षा देने का निर्णय लिया है। इसके लिए जिले में 96 स्कूलों का चयन किया गया है। जिस समय शासन ने इसका आदेश जारी किया था, उस समय जिला बेसिक शिक्षा कार्यालय के अधिकारियों ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। वहीं, शिक्षकों ने भी इन स्कूलों में तैनाती के लिए सुस्ती दिखाई। शासनादेश के तहत समय पर परीक्षा भी नहीं हुई। इसका नतीजा यह रहा कि अब तक इन स्कूलों में अंग्रेजी माध्यम से शिक्षण कार्य शुरू नहीं हुआ है। काफी प्रयास के बाद अब तक मात्र 123 शिक्षकों ने आवेदन किया। हाल ही में नए बीएसए ने आवेदन करने वाले शिक्षकों की परीक्षा के लिए 11 मई की तारीख तय की थी। शुक्रवार को डायट परिसर में परीक्षा हुई और इसमें 38 शिक्षक शामिल नहीं हुए। 123 के सापेक्ष 85 शिक्षकों ने ही परीक्षा दी। परीक्षा शांतिपूर्वक होने पर अफसरों ने राहत की सांस ली है। अब परीक्षा देने वाले शिक्षकों का 16 मई को इंटरव्यू होगा और 17 मई को परिणाम घोषित हो जाएगा। इसके बाद चयनित शिक्षकों को अंग्रेजी माध्यम से संचालित होने वाले स्कूलों में तैनाती दी जाएगी। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अम्बरीष कुमार सिंह यादव ने कहा कि परीक्षा में 123 के सापेक्ष 85 शिक्षक ही शामिल हुए, 38 शिक्षक परीक्षा देने नहीं पहुंचे। मैंने रणनीति बना ली है कि अंग्रेजी माध्यम के परिषदीय स्कूलों में जल्द से जल्द अंग्रेजी में दक्ष शिक्षकों की तैनाती कर दी जाए। इसके लिए अफसरों और कर्मचारियों को भी आवश्यक निर्देश जारी कर दिए हैं।