जंगली जानवर के हमले में किसान की मौत
जहांगीराबाद। कोतवाली क्षेत्र के गांव कुदैना जयरामपुर माधोगढ़ की मढ़ैया में खेत में सो रहे एक किसान पर जंगली जानवर ने हमला बोल दिया। इस हमले में किसान की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इसी जंगली जानवर ने पड़ोसी गांव करैथा के एक परिवार को हमला कर बुरी तरह जख्मी कर दिया। दो गांवों में हुई इस घटना से लोग सकते में हैं। ग्रामीणों ने दोनों वारदातों से आला अधिकारियों को अवगत कराया है। एसडीएम सदानंद गुप्ता ने वन विभाग की टीम को तत्काल उक्त जंगली जानवर को पकड़ने के निर्देश दिए हैं।
गांव कुदैना जयरामपुर निवासी कालीचरन ने बताया कि सोमवार की रात में उसके 66 वर्षीय पिता नेमपाल सिंह पुत्र राजपाल सिंह घर से अपने खेतों पर सोने गए थे, जिनका खेत पर सुबह शव मिला। नेमपाल सिंह की मौत किसी जंगली जानवर के हमले से हुई है। इससे पूर्व इसी जंगली जानवर ने पड़ोसी गांव करैथा के जंगल में ईख काट रहे एक परिवार के करन सिंह अपनी पत्नि बलेश्वरी देवी व पुत्र सुनील और बलेश्वरी देवी पर हमला बोल दिया। गंभीर रूप से जख्मी तीनों को गांव के लोगों ने नगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया है।
दोनों घटनाओं की जानकारी आला अधिकारियों तक पहुंचने पर पुलिस व विभाग की टीम मौके पर पहुंची। वहीं एसडीएम के निर्देश पर वन विभाग की टीम जंगली जानवर को पकड़ने के लिए खेतों में घूम रही है। कोतवाली प्रभारी एच एन सिंह ने बताया कि घटना के बाबत किसी तरह की कोई तहरीर नही आई है।