आदेश के बाद भी टीजीटू को सौंपी 28 बिजलीघरों की जिम्मेदारी
- शासन ने टीजीटू को प्रभारी न बनाए जाने के दिए थे आदेश
- जहांगीराबाद, स्याना खंड में टीजीटू हैं सर्वाधिक बिजलीघर प्रभारी
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। शासन के आदेशों को पावर कॉरपोरेशन के अफसर ताक पर रखे हुए हैं। सख्त आदेशों के बाद भी जिले में 28 बिजलीघरों का जिम्मा टीजीटू को सौंपा हुआ है। टीजीटू पर अवैध उगाही के आरोपों के चलते शासन ने सिर्फ अवर अभियंताओं को बिजलीघरों का प्रभारी बनाने के आदेश दिए थे।
टीजीटू बिजलीघर प्रभारियों की अवैध वसूली की लगातार आ रही शिकायतों को देखते हुए शासन ने बिजलीघर प्रभारी के पद से टीजीटू को हटाने के आदेश दिए थे। लेकिन अफसरों ने खेल करते हुए पहले तो कागजों में टीजीटू को हटाया दर्शा दिया, इसके बाद अफसरों ने अवर अभियंताओं की कमी दर्शाई और फिर से टीजीटू को बिजलीघरों पर तैनात कर दिया। बताया जा रहा है कि सबसे अधिक टीजीटू स्याना और जहांगीराबाद खंड के बिजलीघरों पर तैनात हैं। जहां से प्रतिदिन अवैध वसूली की शिकायतों अफसरों को मिलती रही हैं।
28 बिजलीघरों पर तैनात हैं टीजीटू
जिले में कुल 122 बिजलीघर हैं। इनमें से 28 बिजलीघरों पर टीजीटू प्रभारी के रूप में तैनात हैं। तो वहीं शेष अन्य बिजलीघरों पर अवर अभियंताओं को तैनात किया जा रहा है। हालांकि नियमानुसार अफसर यदि चाहें तो दो बिजलीघरों का चार्ज एक ही अवर अभियंता को दे सकते हैं, लेकिन अफसरों ने ऐसा नहीं किया है।
कोट-
गत सप्ताह ही ज्वाइन किया है। जिले की स्थिति के बारे में जानकारी की जा रही है। शासन के आदेशों का हर संभव पालन कराया जाएगा। - आरपीएस तोमर, चीफ इंजीनियर