हेलमेट नहीं पहना तो राजकीय कर्मचारियों के कटेंगे चालान
- डीएम ने सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में जारी किए आदेश
- स्कूली बच्चों द्वारा वाहनों के प्रयोग पर वाहन होंगे सीज
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। अब दोपहिया वाहनों पर हेलमेट न पहनने वाले सरकारी कर्मचारी भी नहीं बच पाएंगे। इसके लिए डीएम ने परिवहन विभाग के अफसरों को आदेश देते हुए सबसे पहले सरकारी कर्मचारियों को हेलमेट न पहनने पर चालान के आदेश दिए हैं।
जिले में लगातार बढ़ते सड़क हादसों को गंभीरता से लेते हुए डीएम अनुज कुमार झा ने अफसरों के साथ बैठक की। सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में डीएम ने अफसरों को यातायात के नियमों के पालन कराने के आदेश दिए। डीएम ने एआरटीओ और ट्रेफिक पुलिस को आदेश देते हुए सबसे पहले सरकारी कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई के लिए निर्देशित किया। उन्होंने बढ़ते सड़क हादसों को गंभीरता से लेते हुए अफसरों को निर्देश दिए कि अक्सर दोपहिया वाहनों पर हेलमेट का प्रयोग न किए जाने से लोगों की जान जा रही है। उन्होंने लोगों से सड़क दुर्घटना में घायल लोगों की मदद करने और घायल को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग करने की अपील की । डीएम ने पुलिस को आदेश दिए कि घायलों की मदद करने वाले या अस्पताल पहुंचाने वाले लोगों से किसी भी तरह की पूछताछ कर उन्हें अनावश्यक रूप से परेशान न किया जाए। ओवर लोड वाहनों पर शिकंजा कसने के लिए उन्होंने अभियान चलाकर कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके अलावा स्कूली बच्चों द्वारा वाहनों के प्रयोग किए जाने को लेकर डीएम ने सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई कर वाहनों को सीज करने के निर्देश दिए। मौके पर बैठक में एडीएम प्रशासन अरविंद मिश्र, सिटी मजिस्ट्रेट, एसडीएम सदर अरविंद सिंह (आईएएस), एआरटीओ, नगर पालिका, बीडीए समेत अन्य विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।