अब बाईपास से नहीं गुजरेंगी रोडवेज बसें
- यात्रियों की शिकायतों पर डीएम ने लिया संज्ञान
- एआरएम को रोडवेज की सभी बसें शहर के अंदर से होकर गुजारने के दिए आदेश
अमर उजाला ब्यूरो
बुलंदशहर। शहर के रोडवेज बस अड्डे से अलग रोडवेज बस रोकने पर अब चालक व परिचालक के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। डीएम ने एआरएम को आदेश जारी कर रोडवेज बसों को नगर के बाहर यात्रियों को न उतारने के आदेश दिए हैं। एआरएम ने निगम के सभी चालकों-परिचालकों को अड्डे पर ही यात्री उतारने व बैठाने के निर्देश दिए हैं।
रोडवेज बस चालक-परिचालक द्वारा रोडवेज बस अड्डे के बाहर, काला आम चौराहे पर और स्याना बस अड्डे पर बस खड़ी कर यात्रियों को उतारा और चढ़ाया जा रहा है। जिससे मार्ग पर जाम लग जाता है। साथ ही यात्रियों को बस अड्डे तक पहुंचने के लिए परेशानियों का सामना भी करना पड़ता है। यात्रियों की समस्या को संज्ञान में लेकर डीएम ने एआरएम को सभी रोडवेज बसों को शहर के अंदर बने बस अड्डे पर ही यात्रियों को उतारने एवं बैठाने के लिए कड़े निर्देश दिए हैं। एआरएम एसपी सिंह ने बताया कि डिपो की सभी रोडवेज बसों को बस अड्डे के अंदर ही सवारियों को उतारने एवं बैठाने के निर्देश दिए गए हैं। यदि आदेश के बाद भी कोई चालक यात्रियों को नगर के बाहर उतारता है तो उस पर विभागीय कार्रवाई की जाएगी।