अब संयुक्त चिकित्सालयों में रहेगी 24 घंटे बिजली
- खुर्जा, सिकंदराबाद और हापुड़ चिकित्सालयों में बनेगा विद्युत फीडर
- शासन ने पहली किस्त के रुप में 258.65 लाख की धनराशि की जारी
चेतन शर्मा
बुलंदशहर। शासन ने अब सरकारी चिकित्सालयों में चौबीस घंटे बिजली सप्लाई के लिए स्वतंत्र विद्युत फीडर निर्माण की योजना बनाई है। इसके लिए जिले के खुर्जा और सिकंदराबाद संयुक्त चिकित्सालय और हापुड़ में जिला संयुक्त चिकित्सालय में निर्माण कार्य की स्वीकृति के लिए आदेश जारी हो गए हैं। निर्माण के लिए पहली किस्त 258.65 लाख रुपये जारी कर दी गई है।
सरकारी अस्पतालों में फिलहाल बिजली आपूर्ति ठप होने पर जनरेटर आदि से सप्लाई बहाल की जाती है। अधिकांश समय विद्युत विभाग के अफसर जनरेटर आदि की व्यवस्था न होने पर बिजली पर ही निर्भर रहते हैं। अब शासन ने संयुक्त चिकित्सालयों में स्वतंत्र विद्युत फीडर बनाने की स्वीकृति दी है। इसके लिए जिले के खुर्जा और सिकंदराबाद के संयुक्त चिकित्सालय और हापुड़ जनपद के जिला संयुक्त चिकित्सालय का चयन किया है। शासन ने स्वतंत्र विद्युत फीडर निर्माण के लिए उप्र राज्य निर्माण सहकारी संघ लिमिटेड (यूपीआरएनएसएस) को कार्यदायी संस्था नामित किया है।
जारी हुई धनराशि
चिकित्सालय का नाम प्रस्तावित धनराशि अवमुक्त धनराशि
संयुक्त चिकित्सालय खुर्जा 304.95 105.19
संयुक्त चिकित्सालय सिकंदराबाद 219.84 83.46
जिला संयुक्त चिकित्सालय हापुड़ 162.87 70.00
कोट
शासन के निर्देशानुसार खुर्जा और सिकंदराबाद के संयुक्त चिकित्सालय में स्वतंत्र विद्युत फीडर का कार्यदायी संस्था से निर्माण कराया जाएगा। स्वतंत्र विद्युत फीडर निर्माण हो जाने से दोनों चिकित्सालयों में 24 घंटे विद्युत आपूर्ति रहेगी। - डॉ. केएन तिवारी, सीएमओ बुलंदशहर